कुचामन सिटी. बीते दिनों चुनावी गहमागहमी के बीच कुचामन के लोगों को मनोरंजन, उत्साह और रोमांच से भरपूर 22 दिन देने वाली प्रो टेनिस क्रिकेट लीग (PTCL) सीजन-1 का समापन 10 और 11 अक्टूबर की दरम्यानी रात ऐतिहासिक माहौल में हुआ।
राजकीय खेल स्टेडियम में आयोजित इस नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता के मेगा फाइनल में रिफॉर्मर जिम धुरंधर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हमजा 11 मकराना को 34 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले को देखने के लिए स्टेडियम में 20 हजार से अधिक दर्शक मौजूद रहे। रंग-बिरंगी रोशनी, संगीत, डीजे की प्रस्तुतियों और दर्शकों के जबरदस्त उत्साह ने पूरी रात को यादगार बना दिया। हर गेंद के साथ बढ़ता रोमांच और खचाखच भरे स्टेडियम में गूंजता दर्शकों का उत्साह ऐसा माहौल बना रहा। क्रिकेट मैच के दौरान DJ शब्बीर और DJ सेम ने अपने संगीत से समां बांधा, वहीं मेगा फाइनल के दौरान प्रस्तुत लेजर लाइट शो ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
मेगा फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए रिफॉर्मर जिम धुरंधर्स ने निर्धारित 10 ओवर में 111 रन बनाए और हमजा 11 मकराना के सामने 112 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हमजा 11 की टीम 10 ओवर में 77 रन पर सिमट गई। इस तरह रिफॉर्मर जिम धुरंधर्स ने 34 रन से जीत दर्ज करते हुए PTCL सीजन-1 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

पूरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले रिफॉर्मर जिम धुरंधर्स के कप्तान नदीम धनुरी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब मिला। उन्होंने टूर्नामेंट में 169 रन बनाने के साथ 15 विकेट भी हासिल किए। उन्हें 51 हजार रुपए की पुरस्कार राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई।
नगर परिषद के सभापति महेश रामचंद्रका ने विजेता रिफॉर्मर जिम धुरंधर्स को 5 लाख रुपए और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता हमजा 11 मकराना को 2 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की।
टीवी-मोबाइल पर देखे जाने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जैसा रोमांच दे गया PTCL
PTCL का यह सफर केवल एक क्रिकेट प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कुचामन के शहरवासियों को टीवी और मोबाइल पर देखे जाने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को सामने से देखने जैसा अनुभव और यादगार पल दे गया।
19 सितंबर से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में 64 टीमों ने भाग लिया और 22 दिनों तक मुकाबलों का रोमांच जारी रहा। कुल 63 मुकाबलों के इस सफर ने शहर के खेल प्रेमियों को ऐसा मंच दिया, जहां हर दिन नई टीम, नया मुकाबला और जीत की नई उम्मीद देखने को मिली।
शाम होते ही राजकीय खेल स्टेडियम में दर्शकों की आवाजाही बढ़ने लगती। परिवारों के साथ पहुंचे लोग अपनी पसंदीदा टीम का उत्साह बढ़ाते और मुकाबले के रोमांच में डूब जाते। मैच शुरू होने के बाद समय का पता ही नहीं चलता। कई बार आधी रात से भी आगे तक दर्शक स्टेडियम में डटे रहते और अपनी टीम की जीत की उम्मीद के साथ हर गेंद का आनंद लेते।
छोटे बच्चों के लिए यह आयोजन किसी मेले से कम नहीं था। रंगीन माहौल, संगीत, रोशनी और क्रिकेट का रोमांच उनके लिए मनोरंजन का विशेष आकर्षण बना। वहीं, युवाओं और बुजुर्गों सहित हर उम्र के लोगों ने इस आयोजन में भागीदारी निभाई। स्टेडियम में उमड़ती भीड़ ने यह दिखाया कि क्रिकेट के प्रति लोगों का लगाव किस तरह पूरे शहर को एक साथ जोड़ सकता है।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिला बड़ा मंच
PTCL ने कुचामन और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया। बड़े स्तर की प्रतियोगिता में खेलने, अनुभवी खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा करने और दर्शकों के सामने अपना हुनर दिखाने का मौका कई खिलाड़ियों के लिए यादगार रहा।
इस प्रतियोगिता की चर्चा केवल कुचामन तक सीमित नहीं रही। राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों और अन्य राज्यों में भी इस आयोजन को लेकर उत्सुकता देखने को मिली। ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से भी लोगों ने मुकाबलों का आनंद लिया। इससे प्रतियोगिता से जुड़ने वाले दर्शकों का दायरा स्टेडियम से बाहर तक पहुंचा और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा पहचान दिलाने का अवसर मिला।
बड़े टूर्नामेंट में खेलने और अपनी पहचान बनाने का सपना देखने वाले खिलाड़ियों के लिए PTCL एक महत्वपूर्ण मंच बनकर सामने आया। प्रतियोगिता ने यह भी दिखाया कि स्थानीय स्तर पर बेहतर आयोजन और पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हों तो क्षेत्रीय खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के अवसर दिए जा सकते हैं।
खेल के साथ स्थानीय कारोबार को भी मिला सहारा
इस तरह के बड़े आयोजन का असर खेल के मैदान तक ही सीमित नहीं रहता। हजारों लोगों की नियमित आवाजाही से आसपास के व्यापार और छोटे कारोबार को भी गतिविधियां बढ़ाने का अवसर मिलता है। PTCL के दौरान स्टेडियम में दर्शकों की बड़ी संख्या के साथ ठेले लगाने वाले विक्रेताओं और दुकानदारों को भी लोगों की आवाजाही का लाभ मिला।
एक मेले की तरह नजर आने वाले इस आयोजन में क्रिकेट देखने के साथ लोगों ने खानपान और अन्य सुविधाओं का भी आनंद लिया। परिवारों और दोस्तों के समूहों की मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र में रौनक बनाए रखी। इस तरह प्रतियोगिता ने मनोरंजन और खेल के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देने में भूमिका निभाई।
PTCL का एक खास पक्ष यह भी रहा कि अलग-अलग क्षेत्रों और पृष्ठभूमि के लोग एक ही स्थान पर जुटे। सभी का साझा उद्देश्य अपनी पसंदीदा टीम का समर्थन करना और क्रिकेट के रोमांच का आनंद लेना था। खेल के प्रति यह सामूहिक उत्साह शहर की सामाजिक सहभागिता का भी परिचायक बना।
भव्य आयोजन और बेहतर व्यवस्थाओं ने बनाई पहचान
प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी के बावजूद आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। खिलाड़ियों, दर्शकों और आयोजन से जुड़े लोगों के सहयोग से मुकाबलों से लेकर मेगा फाइनल तक व्यवस्थाएं बनाए रखने का प्रयास किया गया।
फाइनल से पहले आयोजित समारोह में कुचामन के डांस ग्रुप्स ने प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद मुख्य प्रायोजक SRBD ग्रुप के चेयरमैन राजकुमार माथुर सहित अन्य प्रायोजकों, सहयोगियों, कमेंटेटर इरफान बट, अंपायर मयूर सोनावले और उनकी टीम, लाइव स्ट्रीमिंग टीम तथा आयोजन में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया गया।
कानून-व्यवस्था और आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए कुचामन पुलिस का आभार व्यक्त किया गया। कुचामन थानाधिकारी राजेंद्र खदाव का भी अभिनंदन किया गया।
कुचामन के खेल इतिहास में यादगार रहेगा PTCL
कुचामन सिटी में जब भी खेल जगत से जुड़ी यादों की बात होगी, तो लोग खुशी और उत्साह के साथ उस 22 दिन के सफर को याद करेंगे, जिसे उन्होंने एक साथ जिया। यह ऐसा अनुभव रहा, जो हर किसी को नहीं मिलता। हजारों लोग एक ही स्टेडियम में एक परिवार की तरह जुटे और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जैसा माहौल करीब से महसूस किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में श्याम पारीक, प्रेम शर्मा, मदन शर्मा, आसिफ शौकत खान, महावीर सेवदा, सीए नवदीप अग्रवाल, सुभाष मूंड और जितेंद्र कुमावत सहित आयोजन समिति के सदस्यों एवं सहयोगियों की अहम भूमिका रही।
कुचामन सिटी: विशाल नवरात्रा महोत्सव का शुभारंभ, प्रथम दिन घट स्थापना के साथ हुई पूजा-अर्चना







