नावां. सिद्ध संतों एवं महंतों की तपोस्थली तथा निम्बार्क संप्रदाय के अति प्राचीन आध्यात्मिक स्थल श्री भादी पीठ श्रीधाम उपवृंदावन, मीठड़ी में गोलोकवासी महंत रेवती रमण दास, श्री भादी पीठाधीश्वर के द्वितीय धाम गमनोत्सव एवं श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का दो दिवसीय आयोजन 5 एवं 6 सितंबर 2026 को धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा।
यह धार्मिक आयोजन परम पूज्य श्रद्धेय नवनियुक्त महंत त्रिलोक बिहारी दास, श्री भादी पीठाधीश्वर, श्रीधाम उपवृंदावन, मीठड़ी के पावन सानिध्य में संपन्न होगा।

श्री भादी पीठ परिकर के शिष्य अंबिका शरण दाधीच ने बताया कि लगभग दो वर्ष के अंतराल के बाद पीठ में नए महंत के रूप में त्रिलोक बिहारी दास के विराजमान होने से पीठ परिसर एवं क्षेत्र में आनंद और उमंग का वातावरण बना हुआ है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाराज के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए श्री भादी पीठ पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आगामी धार्मिक आयोजन को लेकर श्री भादी पीठ में गुरु महोत्सव के पोस्टर का विमोचन महंत त्रिलोक बिहारी दास ने समस्त शिष्य-सेवक परिकर की उपस्थिति में किया। पोस्टर विमोचन के अवसर पर भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

अंबिका शरण दाधीच ने कहा कि श्री भादी पीठ की आध्यात्मिक ख्याति एवं प्रसिद्धि निरंतर बढ़ रही है। यह पावन स्थान क्षेत्र में आध्यात्मिक नवचेतना का केंद्र बन रहा है। पीठ से जुड़े भक्त एवं शिष्य-सेवक सेवा भावना से सदैव ओतप्रोत रहते हैं।
दो दिवसीय कार्यक्रम
श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन संध्या आरती से मध्यरात्रि तक किया जाएगा। इसी अवसर पर गोलोकवासी महंत रेवती रमण दास का जयंती महोत्सव भी श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा।
प्रातःकाल ठाकुर जी महाराज का अभिषेक एवं बाल भोग कराया जाएगा। दोपहर 12:15 बजे समाधि स्थल पर गोलोकवासी महंत रेवती रमण दास की चरण पादुका का पूजन वर्तमान पीठाधीश्वर महंत त्रिलोक बिहारी दास एवं समस्त परिकर शिष्य-सेवकों द्वारा किया जाएगा।
दोपहर 1 बजे राजभोग आरती के पश्चात बापजी महाराज की वाणी के पदों का भावपूर्ण गायन संत गिरधारी सुरदास एवं संत गोपाल दास, पालड़ी तथा उनकी टीम द्वारा किया जाएगा। इसके पश्चात भंडारे एवं महाप्रसाद का आयोजन होगा।
वहीं, 6 सितंबर रविवार रात्रि 8:15 बजे से वर्तमान पीठाधीश्वर महंत त्रिलोक बिहारी दास के पावन सानिध्य में साधक संगीत ग्रुप के तत्वावधान में भव्य संगीत समारोह का आयोजन किया जाएगा, जो संपूर्ण रात्रि तक चलेगा।
श्री भादी पीठ परिकर ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालु भक्तजनों से इस पावन धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संत-महंतों के दर्शन, आशीर्वाद एवं श्री ठाकुर जी की भक्ति का लाभ लेने का आग्रह किया है।
कुचामन चुनाव: क्या इस बार निर्दलीयों के हाथ में होगी कमान या फिर हाइब्रिड होगा सभापति?







