नावां। नगरपालिका नावां की निर्वाचित अध्यक्ष (चेयरमैन) शायरी देवी मेघवाल ने गुरुवार 28 अगस्त 2025 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा डीडवाना-कुचामन कलक्टर महेंद्र खड़गावत को सौंपा।


अध्यक्ष शायरी देवी मेघवाल ने आरोप लगाया कि 15 अगस्त को आयोजित उपखंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम से उन्हें षड्यंत्रपूर्वक दूर रखा गया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी (EO) और उपखंड अधिकारी (SDM) ने मिलकर उन्हें कार्यक्रम से बाहर कर सामाजिक तौर पर अपमानित किया।

नावां नगर पालिका अध्यक्ष की जगह एसडीएम ने किया ध्वजारोहण, अब एपीओ की उठी मांग
शायरी देवी ने कहा कि बीते एक वर्ष से उन्हें स्वतंत्र रूप से कार्य नहीं करने दिया जा रहा। नियमों के विपरीत कार्य करने का दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन वे किसी गलत कार्य को करने के लिए तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि लगातार उपेक्षा और अपमानित किए जाने से आहत होकर उन्होंने इस्तीफा देने का निर्णय लिया।

उन्होंने कहा कि जिस सम्मान और जिम्मेदारी के साथ उन्हें वर्ष 2021 में जनता ने नगर पालिका अध्यक्ष चुना था, उसी भावना से उन्होंने सेवा करने की कोशिश की, लेकिन लगातार षड्यंत्र और दबाव के चलते उन्हें मजबूरन इस्तीफा देना पड़ा।







