कुचामन सिटी. भारत विकास परिषद् कुचामन शहर द्वारा निकटवर्ती ग्राम शिवदानपुरा स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में संस्था की संस्कार गतिविधि के स्थायी प्रकल्प गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जानकारी देते हुए परिषद् के कोषाध्यक्ष अंकुर जैन ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत परिषद् संरक्षक डॉ गोविंदराम चौधरी, विद्यालय प्रधानाचार्य प्रद्युम्न शर्मा एवं परिषद् सदस्यों द्वारा मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित करके की गई।

इसके पश्चात् परिषद् के कोषाध्यक्ष अंकुर जैन द्वारा भारत विकास परिषद् की व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण की संकल्पना तथा परिषद् की कार्यपद्धति एवं परिषद् द्वारा किए जा रहे सेवा और संस्कार से जुड़े कार्यों से छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को अवगत कराया गया।
तत्पश्चात् परिषद् के संस्कार गतिविधि संयोजक जयप्रकाश शर्मा द्वारा उपस्थित बच्चों को स्वामी विवेकानंद एवं रामकृष्ण परमहंस, शिवाजी एवं समर्थ गुरु रामदास के प्रेरणादायी प्रसंग के द्वारा भारत की महान गुरु शिष्य परंपरा एवं विद्यार्थी के जीवन निर्माण में शिक्षक की भूमिका विषय पर उपस्थित छात्र-छात्राओं को जानकारी दी गई।

परिषद् द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं में गत शैक्षणिक सत्र में शैक्षिक व खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने के लिए महेश, रोहित, महिपाल रणवां, निशा कुमावत, एवं अजय कुमावत का दुपट्टा, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर तथा विद्यालय में उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए शिक्षक वर्ग से मुकेश बाकोलिया, नानूराम, घनश्याम, रेणु शर्मा तथा ऊषा शर्मा का दुपट्टा, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर तथा अन्य सभी शिक्षकों का दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया गया।
तत्पश्चात् विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रद्युम्न शर्मा द्वारा परिषद् के विद्यार्थियों में संस्कार विकसित करने की भावना से जुड़े इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए भविष्य में भी विद्यालय में परिषद् के प्रकल्पों को नियमित रूप से आयोजित करने का आग्रह किया गया एवं उन कार्यक्रमों में यथासंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में राष्ट्रप्रथम की भावना को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के संरक्षक डॉ. गोविंदराम चौधरी द्वारा विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं समस्त स्टाफ का कार्यक्रम के आयोजन एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के निर्माण के लिए विद्यालय प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भारत विकास परिषद के संपर्क गतिविधि संयोजक शरद सोमानी, वरिष्ठ सदस्य रामूराम महला, महेंद्र वर्मा एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।






