नावां सिटी। नावां के समीप कासेड़ा रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। जयपुर से जोधपुर जा रही मरुधर एक्सप्रेस की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कासेड़ा निवासी मुकेश पुत्र मोहनराम, उम्र 25 वर्ष, जाति मेघवाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मुकेश रेलवे लाइन पार कर रहा था। इसी दौरान वह तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर नावा पुलिस मौके पर पहुंची और रेलवे पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

बताया गया कि मुकेश कलर-पेंट का कार्य करता था। उसके माता-पिता खेती का काम करते हैं। परिवार में तीन भाई-बहन हैं। मुकेश की अभी शादी नहीं हुई थी। हादसे की सूचना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।







