कुचामन सिटी. शहर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर आयोजित गणेशोत्सव का समापन अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भगवान गणेश की प्रतिमा के विसर्जन के साथ हुआ।
आदर्श कॉलोनी में अमित जांगिड़ परिवार की ओर से ज्योतिषाचार्य मुकेश बंसल (गुरुजी) के सानिध्य में गणेशोत्सव का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ 14 सितंबर को भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापना एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद प्रतिदिन भगवान गणेश की आरती एवं आराधना की गई। इस दौरान महिला संगीत सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जिसमें कॉलोनीवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में पलाड़ा की पूर्व सरपंच लीना सिंह राठौड़ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
अनंत चतुर्दशी पर निकाली विसर्जन शोभायात्रा
अनंत चतुर्दशी के दिन शुक्रवार को भगवान गणेश के विसर्जन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान गणेश को जिस वाहन पर विराजमान किया गया था, उसे फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने ढोल-डीजे की धुनों और भगवान गणेश के जयकारों के साथ विसर्जन शोभायात्रा निकाली।

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवा श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालु ‘गणपति बप्पा मोरया, मंगलमूर्ती मोरया’, अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारे लगाते हुए तथा भजनों की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़े।
महाआरती के बाद किया विसर्जन
विसर्जन शोभायात्रा भेरू तालाब के पास पहुंची, जहां भगवान गणेश की महाआरती की गई। इसके बाद श्रद्धा और विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा का जल में विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से अगले वर्ष पुनः पधारने की कामना की तथा समस्त जगत में सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।
विसर्जन कार्यक्रम में महावीर सिंह चांपावत, अभिमन्यु जोशी, लादुराम कुमावत (पार्षद), अजीत कुमावत, राकेश कुमावत, ऋषभ जैन, ऋषभ सोनी, मोती कुमावत, मुकेश कुमावत एवं परमेश्वर स्वामी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।







