कुचामन सिटी. राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में संगठन सृजन अभियान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पार्टी के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता, संगठनात्मक क्षमता और जमीनी स्तर पर कार्य करने के अनुभव को देखते हुए AICC द्वारा उन्हें लगातार राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा रही हैं।

सारिका सिंह की संगठनात्मक सक्रियता और कार्यक्षमता का ही परिणाम है कि जम्मू-कश्मीर में संगठन सृजन अभियान के बाद अब उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य में भी उन्हें संगठन को मजबूत करने का दायित्व सौंपा गया है। फर्रुखाबाद में वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करने, संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन करने, सक्रिय कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा बूथ और ब्लॉक स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करेंगी।
इससे पहले हाल ही में केरल विधानसभा चुनाव के दौरान भी AICC ने सारिका सिंह को कोट्टारक्करा विधानसभा क्षेत्र का पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। केरल में उन्होंने पार्टी संगठन और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय करते हुए चुनावी अभियान को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

लगातार अलग-अलग राज्यों में मिल रही इन जिम्मेदारियों ने यह साबित किया है कि AICC नेतृत्व सारिका सिंह की संगठन क्षमता, नेतृत्व कौशल, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर संवाद और कठिन परिस्थितियों में जिम्मेदारी निभाने की क्षमता पर भरोसा करता है।
राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष के रूप में सारिका सिंह लगातार प्रदेश में महिला कांग्रेस को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद कर रही हैं। संगठन विस्तार, महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और जनसरोकारों से जुड़े अभियानों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
सारिका सिंह ने कहा कि “जहाँ भी पार्टी ने जिम्मेदारी दी, वहाँ संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करना ही मेरा संकल्प रहा है। फर्रुखाबाद की इस जिम्मेदारी को भी पूरी निष्ठा, मेहनत और समर्पण के साथ निभाऊंगी।”
नई जिम्मेदारी मिलने पर राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सारिका सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और विश्वास व्यक्त किया कि वे फर्रुखाबाद में संगठन सृजन अभियान को नई गति देते हुए कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में प्रभावी भूमिका निभाएंगी।
कुचामन सिटी: नहीं मांगा सेटिस्फेक्शन सर्टिफिकेट, रुडीप और एल एंड टी ने न्यायालय में किया इनकार






