डीडवाना-कुचामन जिले में मानसून की दस्तक के बावजूद अच्छी बारिश का इंतजार बना हुआ है। पिछले कई दिनों से रोजाना बारिश जैसा माहौल बन रहा है। लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में केवल बूंदाबांदी ही हो रही है।


बीती रात हुई बारिश के बाद सोमवार सुबह तेज धूप निकल आई। जबकि शाम होते-होते तेज हवाओं के साथ बादल छा गए। मौसम विभाग ने जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। कुचामन शहर में बारिश शुरू हो गई है –

रात में हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कुचामन शहर का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिनों 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया था।
झारखंड के डिप्रेशन का दिखेगा असर
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार – दक्षिण-पूर्वी झारखंड और उत्तरी ओडिशा के आसपास बना अवदाब (डिप्रेशन) अगले 24 घंटों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके प्रभाव से राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में आगामी 4 से 5 दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में 7 से 8 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

सोमवार को अजमेर, जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश की संभावना है।
मानसून धीरे-धीरे बढ़ रहा आगे
मौसम विभाग के अनुसार – मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल राजस्थान में उदयपुर, अजमेर और झुंझुनूं से होकर गुजर रही है। अगले तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के राजस्थान के शेष हिस्सों में और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
कुचामन सिटी: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें जयंती वर्ष पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित






