मकराना के वसुंधरा नगर में शनिवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। भजन संध्या सुनकर घर लौट रहे 43 वर्षीय व्यक्ति की नगर परिषद के एलईडी पोल से फैले करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।


हादसे के बाद शहरवासियों में भारी आक्रोश है और लोगों ने उप जिला चिकित्सालय में धरना शुरू कर दिया।

केसरियाकंवरजी के जागरण से लौट रहा था मृतक
मृतक के भाई मानसिंह ने बताया कि शनिवार तड़के करीब 4:45 बजे उसका भाई विजय सिंह कुम्पावत पुत्र ब्रदी सिंह निवासी वसुंधरा नगर, केसरिया कंवर जी महाराज मंदिर में आयोजित भजन संध्या से घर लौट रहा था।
इस दौरान मंगलाना रोड पर आनंद आर्ट और करणी माता मंदिर के पास नगर परिषद के एलईडी पोल के खुले तार सड़क पर फैले हुए थे। अचानक करंट की चपेट में आने से विजय सिंह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत उप जिला चिकित्सालय मकराना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परजिनों सहित समाज के लोग बड़ी संख्या में धरने पर बैठे
मृतक के परिजनों और समाजजनों ने उप जिला चिकित्सालय में शव रखकर धरना शुरू कर दिया। लोगों ने नगर परिषद और विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि खुले विद्युत तारों और जलभराव की स्थिति ने इस दर्दनाक हादसे को जन्म दिया।
धरना स्थल पर मकराना तहसीलदार महेंद्र सिंह मुवाल, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता राजेंद्र सोनी, सहायक अभियंता मनोज बंसल और नगर परिषद के सफाई इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह राठौड़ पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
परबतसर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा – 1 करोड़ रुपए की मांग
मृतक के भाई मानसिंह ने उपखंड अधिकारी परबतसर को ज्ञापन सौंपा। इसमें लिखा गया कि विजय सिंह ही परिवार में एकमात्र कमाने वाला था। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ज्ञापन में परिजनों ने मांग की है कि—
- मृतक के परिवार को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।
- मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
परिजनों और समाज के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही उचित मुआवजा और नौकरी की घोषणा नहीं की गई तो उग्र आंदोलन व धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
डीडवाना: मौलासर बाईपास पर भीषण सड़क हादसा, महिला सहित दो की मौत
नावां: मोहम्मद रसीद बने मुस्लिम समाज के सदर, लोगों ने स्वागत कर दी मुबारकबाद
कुचामन सिटी अस्पताल पहुँचे कलक्टर और एसपी, मौलासर बाईपास हादसे में घायलों की ली जानकारी






