डीडवाना. मेगा हाईवे पर बाकलिया गांव के पास आज अज्ञात वाहन ने गौवंश के झुंड को टक्कर मार दी। जिसमें आधा दर्जन गौवंश की मौत हुई और कई गौवंश घायल भी हो गए।


घटना की सूचना पर रिडकोर की टीम मौके पर पहुंची और मृत गौवंश को सड़क से उठाकर निस्तारण किया। इस दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी बनी रही। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल हाईवे पर यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। मृत गौवंश को सड़क से हटा दिया गया है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही डीडवाना-कुचामन जिला कलक्टर महेंद्र खड़गावत की अध्यक्षता में निराश्रित गौवंश की समस्याओं को लेकर बैठक हुई थी। इस दौरान कई निर्देश दिए गए थे। हालांकि, इस हादसे को देखकर लगता है कि समस्याएं अभी भी जस की तस बनी हुई हैं। अगर देखें तो डीडवाना-कुचामन जिले में ज्यादातर सड़क दुर्घटनाओं के पीछे निराश्रित गौवंश ही कारण बनते हैं।

खबर – कुचामन सिटी में जिला कलक्टर की अध्यक्षता में निराश्रित गौवंश समस्या समाधान बैठक आयोजित
क्या कलक्टर के निर्देशों का पालन नहीं कर रहे अधिकारी?
बैठक में कलक्टर खड़गावत ने डीडवाना-कुचामन जिले के गौशाला प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया था कि गौशालाओं के अनुदान, निराश्रित गौवंश को आश्रय देने, गौशालाओं में चिकित्सा व्यवस्था की सुविधा उपलब्ध कराने और गोपालन विभाग की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूर्ण समर्पण और पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है। हालांकि, प्रशासन का कार्य अभी केवल कागजों तक ही सीमित नजर आ रहा है।
कल ही की खबर यह है कि डीडवाना की एक गौशाला में 12 गौवंश की मौत हो गई। कलेक्टर ने इस मामले में भी जांच के निर्देश दिए हैं।
खबर पढ़ें – डीडवाना की गोशाला में 12 गोवंश की मौत, कलक्टर ने दिए जांच के आदेश






