डीडवाना-कुचामन जिले में पिछले दिनों हुई भारी बारिश से किसानों की खरीफ-2025 की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। मकराना क्षेत्र में भी बाजरा और मूंग की फसल को गम्भीर नुकसान पहुँचा है।


इस स्थिति को लेकर पूर्व विधायक रूपाराम मुरावतिया ने जिला कलक्टर डॉ. महेन्द्र खड़गावत को पत्र लिखकर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया और त्वरित राहत कार्य शुरू करने की माँग की है।

पूर्व विधायक ने बताया कि इस बार बाजरा की फसल पर ‘गोजा’ कीट का प्रकोप हुआ, जिससे लगभग 60% फसल नष्ट हो गई। वहीं 20 अगस्त से लगातार हुई बारिश के चलते मूंग की तैयार फसल भी चौपट हो गई है। खेतों में पक चुकी फलियों के अंदर दाना अंकुरित हो गया है और किसान बेहद परेशान हैं।
उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि क्षेत्रीय अधिकारियों को गिरदावरी कराने और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्रत्येक गाँव में क्रॉप कटिंग प्रयोग करवाने के निर्देश दिए जाएँ, ताकि वास्तविक फसल खराबे का आकलन हो सके और किसानों को समय पर राहत मिल सके।

जिले के अन्य शहरों कुचामन सिटी, नावां और डीडवाना में भी हुई भारी बारिश से फसलों को नुकसान पहुँचा है, जिससे समूचे जिले के किसान चिंता और आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं।

कुचामन सिटी में जिला कलक्टर की अध्यक्षता में निराश्रित गौवंश समस्या समाधान बैठक आयोजित






