कुचामन शहर के स्टेशन रोड पर एक सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

दरअसल, स्टेशन रोड पर कुचामन कॉलेज के सामने एक बस ने बाइक सवार युवक-युवती को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे में मकराना क्षेत्र के ग्राम चांडी निवासी मंजू (31 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं दिनेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तत्काल राजकीय चिकित्सालय कुचामन लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए जयपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर कुचामन पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है। युवती के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।







