जयपुर. निर्माण नगर स्थित पार्श्वनाथ कॉलोनी के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में अष्टान्हिका पर्व के पावन अवसर पर विश्व शांति, सुख-समृद्धि, रोग-शोक एवं भय से मुक्ति तथा मनोकामना पूर्ति की मंगल भावना के साथ श्री 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ जारी है।

यह आयोजन गणाचार्य विराग सागर महाराज के पट्टाचार्य आचार्य विशुद्ध सागर महाराज के आशीर्वाद एवं उनकी शिष्या विदुषी गणिनी आर्यिका 105 विभाश्री माताजी तथा 105 विनयश्री माताजी के ससंघ सानिध्य में पंडित स्वतंत्र, भोपाल के निर्देशन में संपन्न हो रहा है। विधान में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उत्साहपूर्वक भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं।

विधान के अंतर्गत आयोजित जिनसहस्रनाम धारा में भगवान आदिनाथ के 1008 नामों के उच्चारण के साथ भव्य कलशाभिषेक किया गया। इसमें सौधर्म इंद्र, भरत चक्रवर्ती, धनपति कुबेर, ईशान इंद्र, श्रीपाल, संतकुमार इंद्र, महेंद्र इंद्र, ब्रह्मेंद्र इंद्र, लांतेंद्र इंद्र, शुक्रेंद्र इंद्र, आतेंद्र इंद्र, प्राणतेंद्र इंद्र, अच्युतेन्द्र इंद्र एवं बाहुबली सहित महायज्ञनायक परिवार ने सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर शांतिधारा, चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट का सौभाग्य फूलचंद, नरेश कुमार-मंजू, साहिल-प्रीति, गौरव-मेधा, मान्या, अनाया, दक्ष एवं समस्त झाझरी परिवार, दूदू को प्राप्त हुआ।

जिनधर्म जीवन को सुखी और सार्थक बनाता है – विभाश्री माताजी
अपने प्रवचनों में गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी ने कहा कि संसार में प्रत्येक व्यक्ति किसी न किसी रूप में दुखी है। कोई शारीरिक कष्ट से, कोई मानसिक तनाव से तो कोई आर्थिक अभाव से परेशान है। उन्होंने कहा कि जिनधर्म का सहारा लेकर मनुष्य अपने जीवन को सुखी, शांत एवं सार्थक बना सकता है।
माताजी ने भरत चक्रवर्ती एवं बाहुबली के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए अहंकार और आपसी वैमनस्य के दुष्परिणामों को बताया। उन्होंने दृष्टि युद्ध, जल युद्ध तथा मल्ल युद्ध के प्रसंगों के माध्यम से त्याग, संयम और विनम्रता अपनाने की प्रेरणा दी।
विधान में देव-शास्त्र-गुरु पूजन, पंच परमेष्ठी पूजन एवं नंदीश्वर द्वीप पूजन के उपरांत पाप दहन के 128 अर्घ्य समर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने अत्यंत भक्तिभाव के साथ पूजन-अर्चन कर अर्घ्य अर्पित किए और धर्मलाभ प्राप्त किया।
22 नवंबर को निकलेगी ऐतिहासिक भरत चक्रवर्ती दिग्विजय यात्रा
विधान के अंतर्गत 22 नवंबर को जयपुर में पहली बार भव्य भरत चक्रवर्ती दिग्विजय यात्रा दोपहर 2 बजे मंदिर परिसर से निकाली जाएगी। यात्रा में बैंड-बाजे, हाथी, घोड़े, 13 सुसज्जित बग्गियां, जिनध्वजा तथा विभिन्न इंद्र अपने दल-बल एवं लवाजमे के साथ शामिल होंगे। आयोजन समिति के अनुसार यात्रा को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
भगवान के माता-पिता बनने का सौभाग्य विमलादेवी, मुकेश एवं समता झाझरी परिवार, कुचामन को प्राप्त हुआ है। वहीं शोभायात्रा में सबसे आगे कमल कुमार, विशाल, रवि-रुचि सेठी परिवार जिनध्वजा लेकर चलेंगे।
सायंकाल मंदिर परिसर में आरती, धर्मसभा, प्रवचन एवं भरत-बाहुबली युद्ध प्रसंग पर आधारित विशेष धार्मिक प्रस्तुति का आयोजन भी किया जाएगा।
कुचामन सिटी: दीप यज्ञ एवं तुलसी विवाह के साथ हुआ लायंस क्लब के संस्कार सप्ताह का शुभारंभ







