डीडवाना-कुचामन. पंचायती राज आम चुनाव के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतगणना शुक्रवार सुबह 8 बजे डीडवाना स्थित राजकीय बांगड़ महाविद्यालय में शुरू हो गई है।

मतगणना का कार्य सबसे पहले डाक मतपत्रों की गणना से शुरू किया गया, जिसके बाद संबंधित वार्डों की ईवीएम के मतों की गिनती की जा रही है। जिला परिषद के 35 वार्डों तथा जिले की 9 पंचायत समितियों के 191 वार्डों के लिए मतगणना की जा रही है।

मतगणना के लिए परिसर में कुल 72 टेबलों की व्यवस्था की गई है और प्रत्येक टेबल पर एक पर्यवेक्षक सहित तीन कार्मिक नियुक्त किए गए हैं। मतगणना को लेकर प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है।
मतगणना स्थल पर जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना, उप जिला निर्वाचन अधिकारी रतन कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद हैं और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

सुरक्षा की दृष्टि से मतगणना केंद्र पर कड़े इंतजाम किए गए हैं। अधिकृत अभिकर्ताओं एवं अधिकारियों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। मतगणना के रुझान और परिणामों पर जिलेभर की नजर बनी हुई है।







