राजस्थान में शहरी निकाय चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रदेश के 309 नगर निकायों में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। पहले चरण में 9 सितंबर और दूसरे चरण में 11 सितंबर को वोट डाले जाएंगे, जबकि मतगणना 14 सितंबर को होगी।

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि 27 अगस्त को चुनाव अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन के बाद 3 सितंबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।

चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक पार्षदों के निर्वाचन के बाद निकाय प्रमुखों का चुनाव कराया जाएगा। नगर निगमों में महापौर, नगर परिषदों में सभापति और नगरपालिकाओं में अध्यक्ष का निर्वाचन 21 सितंबर को होगा। इसके अगले दिन 22 सितंबर को उपमहापौर, उपसभापति और नगरपालिका उपाध्यक्ष के चुनाव होंगे। इन पदों के निर्वाचन के लिए उसी दिन संबंधित निकायों की साधारण सभा की बैठक भी आयोजित होगी।
चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही सभी संबंधित शहरी क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से आचार संहिता लागू हो गई है। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक यह प्रभावी रहेगी। इस दौरान नए विकास कार्यों की घोषणा और नए वर्क ऑर्डर जारी नहीं किए जा सकेंगे। हालांकि पहले से स्वीकृत और चल रहे कार्य जारी रहेंगे, लेकिन नए काम शुरू करने पर रोक रहेगी।

अब कुचामन को मिलेगा दूसरा निर्वाचित सभापति, दावेदारों की लंबी फेहरिस्त






