कुचामन सिटी. भारत विकास परिषद् कुचामन शहर शाखा द्वारा परिषद् की स्वास्थ्य पहल “एनीमिया मुक्त कुचामन” एवं सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान के अंतर्गत शहर के मिर्धा नगर स्थित टैगोर सीनियर सेकंडरी विद्यालय में छात्राओं हेतु शिविर का आयोजन किया गया।

जानकारी देते हुए परिषद् के कोषाध्यक्ष अंकुर जैन ने बताया कि शिविर की शुरुआत माँ भारती और स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद परिषद् के संरक्षक डॉ. गोविंदराम चौधरी ने उपस्थित छात्राओं एवं महिला स्टाफ को एनीमिया के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए संतुलित आहार, हरी सब्जियों, दालों, फलों एवं आयरन-युक्त खाद्य पदार्थों के नियमित सेवन के लिए प्रेरित किया। साथ ही समय-समय पर स्वास्थ्य जाँच करवाने की आवश्यकता से भी अवगत करवाया।

शिविर में उपस्थित सभी 230 छात्राओं एवं महिला स्टाफ की राजकीय जिला चिकित्सालय, कुचामन की टीम द्वारा हीमोग्लोबिन की जाँच की गई तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। जिन छात्राओं का हीमोग्लोबिन स्तर कम पाया गया, उन्हें आयरन की टैबलेट एवं पोषण किट वितरित किए गए।
सर्वाइकल कैंसर के संबंध में छात्राओं को दी गई आवश्यक जानकारी
कार्यक्रम के दौरान राजकीय जिला चिकित्सालय के डॉ. गौरव राजावत ने उपस्थित छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर जैसे महत्वपूर्ण विषय के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं एवं उनके माता-पिता को इसके प्रति जागरूकता तथा रोकथाम के लिए सरकार एवं चिकित्सालय प्रशासन द्वारा किए जा रहे टीकाकरण के प्रयासों के बारे में अवगत करवाया। साथ ही उन्होंने भारत विकास परिषद् की इस जनहितकारी स्वास्थ्य पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर छात्राओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

शिविर के दौरान परिषद् के अध्यक्ष एडवोकेट ओमप्रकाश सेन, विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार, छात्रावास अधीक्षक जगदीश कुलहरी, परिषद् के संपर्क गतिविधि संयोजक शरद सोमानी, संस्कार गतिविधि संयोजक जयप्रकाश शर्मा, वरिष्ठ सदस्य रामूराम महला तथा राजकीय जिला चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. बलवीर ढाका के निर्देश पर चिकित्सकीय टीम के डॉ. दिनेश, लैब असिस्टेंट शिवभगवान एवं समस्त विद्यालय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।
अंत में परिषद् अध्यक्ष एडवोकेट ओमप्रकाश सेन ने सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
कुचामन सिटी: 18 ग्राम हेरोइन के साथ चितावा का युवक गिरफ्तार, छोटा इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी बरामद






