नावां शहर. उपखंड मुख्यालय नावां में सोमवार शाम अचानक बदले मौसम के बाद तेज बारिश ने शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दीं।

करीब एक घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के दौरान जहां शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं, वहीं आकाशीय बिजली गिरने से नमक फैक्ट्री में कार्यरत एक 25 वर्षीय श्रमिक की मौत हो गई। हादसे में उसके साथ चल रहा एक अन्य युवक भी घायल हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विक्की दायमा (25) पुत्र श्योजीराम खटीक हाल निवासी नावां तथा करकेड़ी नमक फैक्ट्री में कार्य करता था। सोमवार शाम कार्य समाप्त कर वह अपने साथी जितेंद्र नरानिया पुत्र पप्पूराम के साथ घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गए। हादसे में विक्की गंभीर रूप से झुलस गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं जितेंद्र घायल हो गया, जिसका प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
एक घंटे की बारिश ने खोली व्यवस्थाओं की पोल
तेज बारिश के चलते शहर में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई। बालिका स्कूल चौराहे पर पानी की निकासी नहीं होने से सड़क पर काफी मात्रा में पानी जमा हो गया। पानी दुकानों के अंदर तक पहुंचने से व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक हुए जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में भी भारी दिक्कतें हुईं।

वहीं वार्ड संख्या 6 में भी बारिश का पानी कई घरों में घुस गया। इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। लोगों का कहना है कि बरसात से पहले नालियों एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बार बारिश में शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या सामने आती है।
एक ओर तेज बारिश से शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर जलभराव और आकाशीय बिजली की घटना ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए। स्थानीय लोगों ने जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थायी जल निकासी व्यवस्था करने तथा बरसात से पहले नालों की सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
कुचामन सिटी: 18 ग्राम हेरोइन के साथ चितावा का युवक गिरफ्तार, छोटा इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी बरामद






