डीडवाना-कुचामन जिले में मौसम विभाग ने बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे के दौरान जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई।

कुचामन सिटी में पिछले कुछ दिनों से बादलों की आवाजाही बनी रही, हालांकि तेज बारिश नहीं हुई। वहीं, सोमवार शाम नावां शहर में करीब एक घंटे तक लगातार बारिश हुई। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से रिफाइनरी में काम करने वाले एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया।

नावां: काम से घर लौट रहे युवक पर गिरी आकाशीय बिजली, मौत
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार – वर्तमान में मध्य प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं मानसून ट्रफ लाइन बीकानेर और कम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से आगामी 48 घंटों के दौरान दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों में झालावाड़ जिले में अत्यंत भारी बारिश, जबकि बूंदी और कोटा जिलों में अतिभारी बारिश दर्ज की गई। बांसवाड़ा, बांदा और डीडवाना जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हुई। सबसे अधिक 300 मिलीमीटर बारिश झालावाड़ के सुनेल में दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने बताया कि 12 अगस्त को जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी तथा एक-दो स्थानों पर अतिभारी बारिश होने की संभावना है।
13 अगस्त से बारिश में कमी के संकेत
13 अगस्त से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी राजस्थान में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना बनी रहेगी।
14 अगस्त से जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि उत्तर-पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
15 अगस्त से राज्य के उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की प्रबल संभावना है।
कुचामन सिटी: 18 ग्राम हेरोइन के साथ चितावा का युवक गिरफ्तार, छोटा इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी बरामद






