डीडवाना-कुचामन जिले में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चितावा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 18 ग्राम अवैध चिट्टा (हेरोइन) के साथ एक 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक कांटा और 10,800 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार – 9 अगस्त 2026 को चितावा थानाधिकारी सिद्धार्थ प्रजापत मय जाब्ता राजपुरा तिराया, कुचामन-लोसल रोड पर नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान लोसल की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी।
पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया लेकिन उसने भागने का प्रयास किया। पुलिस जाब्ते ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसकी पहचान अशोक (उम्र 23 वर्ष) पुत्र ओमप्रकाश मण्डा निवासी सबलपुरा, थाना चितावा के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 18 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने नियमानुसार मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
साथ ही परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल नंबर RJ37SU1372, छोटा इलेक्ट्रॉनिक कांटा और 10,800 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
इस संबंध में प्रकरण संख्या 128/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले का अनुसंधान थानाधिकारी मारोठ द्वारा किया जा रहा है। पुलिस आरोपी से चिट्टा खरीदने और बेचने वाले लोगों के संबंध में गहनता से पूछताछ एवं अनुसंधान कर रही है।
कुचामन पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ की कार्रवाई, दो डम्पर जब्त
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डीडवाना-कुचामन डॉ. प्यारे लाल शिवरान (आईपीएस) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुचामन सिटी विमल सिंह नेहरा (आरपीएस) एवं वृत्ताधिकारी मकराना विक्की नागपाल के सुपरविजन तथा चितावा थानाधिकारी सिद्धार्थ प्रजापत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।






