कुचामन सिटी पुलिस ने स्कूटी की डिग्गी से 2.50 लाख रुपये चोरी के मामले का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय कड़िया सांसी गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित सांसी और रितिक उर्फ काला के रूप में हुई है। दोनों आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए थे।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा एवं वृत्ताधिकारी गरीमा चौधरी के सुपरविजन तथा थाना प्रभारी महावीर प्रसाद मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
भांवता जा रहे युवक के बीच रास्ते में उड़ाए 2.50 लाख
दरअसल, 17 जून को महलों की ढाणी काकोट निवासी राजूराम बैंक ऑफ इंडिया से 2.50 लाख रुपये निकालकर स्कूटी से भांवता जा रहे थे। खारिया रोड स्थित एक किराना दुकान पर रुकने के दौरान दो बदमाश बिना नंबर प्लेट की बाइक से पहुंचे और स्कूटी की डिग्गी से नकदी चोरी कर फरार हो गए। इस संबंध में 21 जून को कुचामन सिटी थाने में मामला दर्ज किया गया।

कुचामन के बाद एक और 1.10 लाख रुपए की चोरी
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर संदिग्धों की पहचान की। पता चला कि आरोपियों ने कुचामन की वारदात के बाद शाहपुरा क्षेत्र में कार का शीशा तोड़कर 1.10 लाख रुपए चोरी की घटना को भी अंजाम दिया था। शाहपुरा पुलिस के समन्वय से सुमित सांसी (22) पुत्र प्रहलाद सांसी निवासी छबड़ा, जिला बारां और रितिक उर्फ काला (21) पुत्र महेश सांसी निवासी थाना बोडा, जिला राजगढ़ को डिटेन किया गया।
बाद में न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए आरोपियों को जिला कारागृह जयपुर से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर कुचामन लाया गया।
अन्य राज्यों में चोरी की वारदातें, विवाह समारोहों पर भी रखते थे नजर
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी अंतर्राज्यीय कड़िया सांसी गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। यह गैंग विभिन्न जिलों और राज्यों में वाहन के शीशे व स्कूटी की डिग्गी तोड़कर नकदी और कीमती सामान चोरी करने तथा विवाह समारोहों में चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देता है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा राजस्थान के राजगढ़, नागौर, सरदारशहर तथा हरियाणा सहित अन्य स्थानों पर भी वारदात करना सामने आया है। मामले में पुलिस का अनुसंधान जारी है।
कुचामन सिटी: गौ सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण को लेकर रविवार को होगी बैठक






