नावां क्षेत्र के पांचोता गांव निवासी अग्निवीर वायु सैनिक खेमाराम कुमावत का सोमवार शाम राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में हजारों लोगों की मौजूदगी रही।




इससे पहले शहीद खेमाराम की पार्थिव देह के साथ नावां के सांभर चौराहे से पांचोता गांव तक करीब 5 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा हेमपुरा, कलाली नदी सहित विभिन्न मार्गों से होकर पांचोता पहुंची। इस दौरान लोगों ने ” खेमाराम अमर रहे” के नारे लगाए। जगह-जगह ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए इंतजार करते नजर आए।
गांव पहुंचने पर वायुसेना के जवानों ने पार्थिव देह को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में रखा। जहां नावां विधायक विजय सिंह चौधरी, पूर्व उपमुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी, डीडवाना-कुचामन जिला कलक्टर अवधेश मीणा, एसडीएम दिव्या सोनी, एएसपी विमल सिंह, पांचोता सरपंच महेंद्र सिंह, भाजपा नागौर जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़, कांग्रेस महिला प्रदेशाध्यक्ष सारिका चौधरी सहित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद शहीद खेमाराम की पार्थिव देह को कलाली नदी स्थित उनके निवास पर ले जाया गया। जहां पिता रामदेव, माता और बहन ने अंतिम दर्शन किए। बेटे को अंतिम बार देखते ही मां बिलख पड़ी जिससे माहौल गमगीन हो गया।



बाद में पार्थिव देह को अंतिम संस्कार स्थल ले जाया गया। जहां वायुसेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद छोटे भाई गोविंदराम ने अपने शहीद भाई को मुखाग्नि दी।
बेटे के लिए पिता के शब्द थे – “मुझे गर्व है कि मेरा बेटा देश के लिए शहीद हुआ है।






