नावां. खाद्य सुरक्षा विभाग ने आज नावां में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गोपाल स्वीट से 149 किलोग्राम काजू सीज किए।

अमानक होने की आशंका के चलते काजू को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act) 2006 के तहत जब्त किया गया। वहीं, तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अवधिपार खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के निर्देशों की पालना में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। टीम ने नावां स्थित कुमावत स्वीट, गोपाल स्वीट एवं शांतिलाल राजेंद्र किराना स्टोर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कुमावत स्वीट से 2 किलोग्राम कश्मीरी मिर्च, एवरेस्ट छोला मसाला एवं मैदा के नमूने लिए गए। गोपाल स्वीट से 20 लीटर कोल्ड ड्रिंक एवं शांतिलाल राजेंद्र किराना स्टोर से 10 किलोग्राम अवधिपार मसाले मिले, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया गया। गोपाल स्वीट से काजू का नमूना लेकर 15 प्लास्टिक बाल्टियों में रखे 149 किलोग्राम काजू को अमानक होने की आशंका के चलते सीज किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लगातार खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला में जांच करवाई जा रही है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उपभोक्ताओं से सतर्क रहने की अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि खाद्य सामग्री केवल लाइसेंसधारी या विश्वसनीय विक्रेताओं से ही खरीदें। पैक खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेजिंग की तारीख और उपयोग की अंतिम तारीख अवश्य जांचें।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल, इरशाद खान एवं मधु यादव तथा सहायक कर्मचारी राजूराम शामिल रहे।
नावां: सेवन डेज स्मार्ट एकेडमी के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण में उठाया पिकनिक का आनंद






