कुचामन सिटी. राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के एक्शन प्लान के तहत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कुचामन न्यायालय परिसर में जागरूकता एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, डीडवाना-कुचामन के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश नाहर सिंह मीणा के निर्देशानुसार तथा तालुका विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश कुसुम सुत्रकार के नेतृत्व में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बार संघ के अधिवक्तागण एवं न्यायालय कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायाधीश कुसुम सुत्रकार ने कहा कि पक्षियों के संरक्षण एवं जीवों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। भीषण गर्मी के दौरान पक्षियों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से अपने घरों, संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे लगाने तथा उनमें नियमित रूप से स्वच्छ पानी भरने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पक्षी पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।

इस अवसर पर न्यायालय परिसर में न्यायाधीश कुसुम सुत्रकार द्वारा पौधारोपण किया गया। वहीं बार संघ के अधिवक्ताओं ने लगाए गए पौधों की देखभाल एवं संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया।
जल संरक्षण और स्वच्छता का दिया संदेश
इसी क्रम में अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति कुसुम सुत्रकार के निर्देशन में विशिष्ट एन.आई. एक्ट न्यायालय परिसर में न्यायिक अधिकारी दुष्यन्त गुर्जर द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं, पक्षकारों एवं कर्मचारियों को जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। इसके पश्चात न्यायिक अधिकारी दुष्यन्त गुर्जर, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों द्वारा न्यायालय परिसर में पौधारोपण किया गया।
इसके अलावा अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति के आदेशानुसार अधिकार मनीष कुमार शर्मा द्वारा ग्राम नालोट ग्राम पंचायत परिसर में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करने की शपथ ली।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति कुसुम सुत्रकार ने पौधारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले बार संघ के अधिवक्ताओं एवं सभी सहभागियों का आभार व्यक्त किया।






