नावां शहर के निकटवर्ती ग्रामों में स्थित मारोठ वन क्षेत्र में इन दिनों जंगली जानवरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। ग्राम जोशीपुरा और केरियापुरा में रहने वाले किसानों के पालतू पशुओं पर लगातार हमले हो रहे हैं।


बताया जा रहा है कि जंगली जानवर रात के अंधेरे में घरों में घुसकर पशुओं को अपना शिकार बना रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

खुले खेतों में सोने वाले किसान और उनके परिवार भय के साये में जीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग की लापरवाही के कारण यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।


केरियापुरा निवासी चतरा राम बुगालिया ने बताया कि हर वर्ष जंगली जानवर पालतू पशुओं को निशाना बनाते हैं, जिससे किसानों को हजारों रुपए का नुकसान उठाना पड़ता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द प्रभावी कदम उठाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।






