कुचामन शहर की मारवाड़ केसरी स्कूल में मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुकेश चौधरी (RPS), तेजा राम (थाना अधिकारी, चितावा) तथा विद्यालय के संरक्षक आर. एन. थालौड़ उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि मुकेश चौधरी ने विद्यार्थियों को मोबाइल से दूरी बनाकर नियमित अध्ययन करने की सलाह दी तथा NCC व Scouts & Guides के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें जीवन में अनुशासन अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं संरक्षक आर. एन. थालौड़ ने शिक्षा के महत्व और शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों पर अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह में राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं कला वर्ग में 99% अंक प्राप्त कर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल करने वाली मन्नत जाखड़ को माला-साफा, प्रशस्ति पत्र व 31 हजार रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया। विज्ञान वर्ग की टॉपर छात्रा महिमा को भी 21 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों नितेश, सरोज (कला वर्ग) तथा कविता, सरिता (विज्ञान वर्ग) को सम्मानित किया गया।

कक्षा 10वीं के टॉपर मोहित जोरम, द्वितीय स्थान प्राप्त नितेश व तृतीय स्थान पर रहे मनोहर को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही राज्य स्तरीय हॉकी खिलाड़ियों अक्षरा, योगिता, निकिता, नीतू, मनीषा, सुनील बेनीवाल, भूपेंद्र व प्रियंका तथा सॉफ्टबॉल के राज्य स्तरीय खिलाड़ियों प्रियांशी, मनीषा व मनीष जाट को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
CUET-UG में चयनित श्रेयांशी शर्मा व निशा जाट को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। अंत में शाला निदेशक देवीलाल जाखड़ ने मुख्य अतिथियों, अभिभावकों व उपस्थित सभी गणमान्यजनों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन डॉ. रमेश रॉय ने किया।
डीडवाना-कुचामन जिला कलक्टर अवधेश मीणा ने की जनसुनवाई, लोगों की समस्याओं का मौके पर किया समाधान






