कुचामन सिटी. शहर में बेसहारा गौवंश की समस्या और डंपिंग यार्ड में कचरा खाने से हो रही गायों की मौत को लेकर गऊ रक्षा दल ने उपखंड अधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।


गऊ रक्षा दल के जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा कुकनवाली के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि कुचामन सिटी के डंपिंग यार्ड में बड़ी मात्रा में कचरा डाला जा रहा है, जिसमें प्लास्टिक व अन्य हानिकारक पदार्थ होने के कारण आसपास घूमने वाली गायें उसे खा लेती हैं। इससे कई गौवंश की तबीयत खराब हो रही है और कई की मृत्यु भी हो चुकी है।

ज्ञापन में यह भी बताया गया कि शहर की सड़कों पर हजारों की संख्या में बेसहारा गौवंश घूम रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। गऊ रक्षा दल ने प्रशासन से मांग की है कि इन गौवंश को गौशाला में भिजवाया जाए या किसी सुरक्षित स्थान पर उचित व्यवस्था की जाए।
ज्ञापन में की गईं प्रमुख मांगें:
- डंपिंग यार्ड को उचित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए या उसे सुरक्षित रूप से घेराबंदी की जाए
- कचरे में प्लास्टिक व हानिकारक वस्तुओं को खुले में फेंकने पर रोक लगाई जाए
- बेसहारा गौवंश के लिए गौशाला या देखभाल की व्यवस्था की जाए
- संबंधित विभागों को निर्देश देकर समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाए
गऊ रक्षा दल ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो संगठन द्वारा उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रीतम शर्मा, रवि भार्गव, पत्रकार हर्षित अग्रवाल, राकेश मेघवाल, ज्योति कुमावत, भूपेंद्र जांगिड़, गौतम शर्मा, जतिन, मनोहर मेघवाल, गजेंद्र मेघवाल, मुकेश कुमावत, नीलेश सिंगोदिया, ईश्वर सिंह राठौड़, रोहित मेघवाल, लक्की योगी, अर्जुन नायक, नितेश शर्मा, हर्ष महर्षि, यश गट्टाणी, तपस्वी पारीक, परसाराम बुगालिया, इरफान खान सहित अनेक गौसेवक उपस्थित रहे।






