डीडवाना-कुचामन जिले के परबतसर थाना क्षेत्र में रुणिजा ग्राम पंचायत के वर्तमान प्रशासक (सरपंच) पोकर राम डारा पर सरेराह जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है।


बदमाशों ने कार से रास्ता रोककर उन पर लाठी-सरियों और धारदार हथियारों से हमला किया तथा उनकी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार – बुधवार शाम करीब 6 बजे पोकर राम डारा अपनी फैक्ट्री से डारापुरा गांव लौट रहे थे। इसी दौरान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास आरोपियों ने अपनी कार उनकी गाड़ी के आगे लगाकर रास्ता रोक लिया।
रिपोर्ट के मुताबिक हमलावरों में रामेश्वर, छोटूराम और लोकेंद्र शामिल थे। तीनों हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और पोकर राम की कार पर हमला बोल दिया। आरोप है कि उन्होंने वाहन में तोड़फोड़ की और सरपंच पर जानलेवा वार किए।

हमले से बचने के लिए पोकर राम पास में स्थित रिद्धि-सिद्धि बेकरी में शरण लेकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। इसके बाद आरोपी कार सहित मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर परबतसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल श्रवण कुमार को सौंपी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पोकर राम और आरोपियों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
कुचामन सिटी में सफाई श्रमिक संघ ने आयुक्त को सौंपा मांग पत्र






