कुचामन सिटी. नगर परिषद कुचामन एवं वीवोइस संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में गणतंत्र दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत हिरानी स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने अद्वितीय प्रदर्शन किया।


विद्यालय के बच्चों ने आयोजित परीक्षा में भाग लेकर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी में स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।

इन विद्यार्थियों ने केवल शैक्षिक क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि समाज सेवा के क्षेत्र में भी अपनी भूमिका निभाई। परीक्षा के साथ-साथ बच्चों ने स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण, साफ-सफाई तथा जनजागरूकता के प्रति संदेश दिया। उनके इस अनुकरणीय कार्य के लिए गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान उन्हें सम्मानित किया गया।
समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं संस्था प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी इसी प्रकार समाजहित में कार्य करने के लिए उन्हें प्रेरित किया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत हिरानी के सरपंच मदनलाल कुमावत, विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र जी मुवाल, समस्त स्टाफ व अध्यापक, आईईसी टीम के कार्य प्रभारी विशाल तेजस्वी, भूपेश गोयर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समारोह में उपस्थित जनसमूह ने स्वच्छ भारत मिशन के संकल्प को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की शपथ ली और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का वचन लिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वच्छता, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कुचामन सिटी: जे. डी. जैन विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस






