कुचामन सिटी के पीएम जवाहर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का नाम एक बार फिर गौरव से ऊँचा हुआ है। विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र तन्मय दाधीच ने दिनांक 7 नवम्बर 2025 को आयोजित जिला स्तरीय प्रबल कार्यक्रम प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर सम्पूर्ण डीडवाना-कुचामन जिले का मान बढ़ाया है।


अब तन्मय राजस्थान विधानसभा में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेकर जिले का प्रतिनिधित्व करेगा।

विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानाचार्या मंजू चौधरी ने तन्मय को प्रमाण पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य सीमा मेहरोलिया, डीआर भंवरलाल गुगड़, हाकिम अली खान सहित विद्यालय का संपूर्ण स्टाफ उपस्थित रहा।
प्रधानाचार्या मंजू चौधरी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के छात्र निरंतर नई ऊँचाइयाँ छू रहे हैं। खेल, भाषण और शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे छात्र विद्यालय की शान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी ऐसे प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

आज विद्यालय को कुचामन विकास समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा द्वारा दो संपूर्ण कंप्यूटर सेट भेंट किए गए, जिससे विद्यालय की आईसीटी लैब को सशक्त बनाने में बड़ा सहयोग मिला। इस योगदान से विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा में सुविधा मिलेगी और वे डिजिटल एजुकेशन के लाभ से अधिक सशक्त बन सकेंगे। इससे पूर्व भी कुचामन विकास समिति की ओर से इसी वर्ष दो कंप्यूटर सेट विद्यालय को दिए जा चुके हैं।
प्रधानाचार्या मंजू चौधरी ने कुचामन विकास समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा का आभार व्यक्त किया और कहा कि अब विद्यार्थी कंप्यूटर एवं प्रौद्योगिकी के इस युग में नए-नए प्रोग्राम सीखने में सफल होंगे।
ओमप्रकाश काबरा ने सभी छात्रों को पूर्ण मनोयोग से अध्ययन करने हेतु प्रेरित किया तथा कहा कि विद्यालय में किसी भी प्रकार के संसाधनों की कमी नहीं रहने दी जाएगी। न केवल कंप्यूटर बल्कि अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध करवाने में कुचामन विकास समिति पीछे नहीं हटेगी।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने तन्मय दाधीच को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए समिति का आभार प्रकट किया।






