कुचामन सिटी. चितावा पुलिस ने एक व्यापारी को रंगदारी वसूली के लिए धमकाने के प्रकरण में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी आन्नद सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।


व्यापारी दातारसिंह को धमकाने तथा उसका मोबाइल नंबर व निजी जानकारी विरेन्द्र चारण गैंग तक पहुँचाने में आरोपी की सीधी संलिप्तता सामने आई थी।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आई.पी.एस.) के निर्देशन में की गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचन्द खारिया (आरपीएस), वृताधिकारी मुकेश चौधरी (आरपीएस) और थानाधिकारी तेजाराम (पुलिस निरीक्षक) की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
व्यापारी को कॉल कर धमकाया –
प्रकरण 11 अक्टूबर 2025 का है। जब प्रार्थी दातारसिंह राजपूत निवासी घाटवा ने पुलिस थाना चितावा में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट के अनुसार नवरात्रा के दौरान उन्हें पहली बार व्हाट्सएप पर नंबर +351963516681 से कॉल और मैसेज आए, जिनका उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। बाद में 4 अक्टूबर को फिर कॉल आया जिसमें उनसे अपने लड़कों को खर्चा-पानी की व्यवस्था करने की बात कही गई।

इसके बाद 10 अक्टूबर को उसी नंबर से बार-बार कॉल आए, और न उठाने पर आरोपी ने व्हाट्सएप पर वॉयस मैसेज भेजा जिसमें कहा कि “अगर दिमाग में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी या किसी राजपूत का नाम आता है तो निकाल देना, मैं विरेन्द्र बोल रहा हूँ।” इस धमकी भरे लहजे के बाद लगातार व्हाट्सएप कॉल आते रहे। व्यापारी की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
जीतू चारण से पूछताछ में मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस थाना कुचामन के एक अन्य प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी जितेन्द्र चारण उर्फ जीतू की पूछताछ और उसके सीडीआर विश्लेषण से महत्वपूर्ण सुराग मिले। इन्हीं तकनीकी इनपुट्स और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी आन्नद सिंह (30) पुत्र भवानी दान चारण निवासी प्रेमसर मूनपुरा की भूमिका की पुष्टि की और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने व्यापारी दातारसिंह की निजी जानकारी और मोबाइल नंबर विरेन्द्र चारण गैंग तक पहुँचाए थे, जिसके बाद व्यापारी को धमकियाँ मिलनी शुरू हुईं।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम – थानाधिकारी तेजाराम (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में हैड कांस्टेबल पुखराज, कांस्टेबल राकेश सामोता, धर्माराम, हेमाराम की टीम ने समन्वित संचालन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
कुचामन पुलिस ने जीतू चारण और उसके सहयोगी को कोर्ट में पेश कर लिया 5 दिन की रिमांड पर






