कुचामन सिटी. राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई के जागरूकता कार्यक्रम के तहत आज शहर के जैगजी की कोठी में आमजन को परियोजना से होने वाले फायदे बताए गए।


यह कार्यक्रम अधीक्षण अभियंता नेमीचंद पंवार के निर्देशन में, अधिशाषी अभियंता राजकुमार मीना के मार्गदर्शन और सहायक अभियंता अनिल सैनी के सहयोग से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में आमजन को परियोजना से संबंधित सुझाव एवं शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 18001219400 के बारे में जानकारी भी दी गई।
सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई के सामाजिक विकास विशेषज्ञ देवेन्द्र सिंह ने आमजन से अपील की कि शहर में परियोजना का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने नई जलप्रदाय योजना से होने वाले लाभों की जानकारी देते हुए कहा कि आमजन को नई जल प्रदाय योजना के अंतर्गत पानी पर्याप्त एवं पूर्ण प्रेशर के साथ व मीटरयुक्त मिलेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि पानी को किसी भी तरह बर्बाद न करें और आवश्यकतानुसार ही जल का उपयोग करें।

उन्होंने कहा कि “पानी की एक-एक बूंद बचाए, आज की बचत कल का भविष्य है, जल ही जीवन है। क्योंकि बिना जल के जीवन संभव नहीं है। पानी की जरूरत हमारे जीवन भर है, इसलिए इसे बचाने के लिए केवल हम ही जिम्मेदार हैं।”
एल एंड टी के किशन सिंह ने मानव जीवन के लिए स्वच्छता का महत्व बताते हुए कहा कि “स्वच्छता के बिना समृद्धि संभव नहीं है।” उन्होंने कहा कि घरों से निकलने वाले कचरे को इधर-उधर न डालें और नगर परिषद द्वारा आने वाले कचरा संग्रहण वाहन में ही डालें। साथ ही आमजन से अपील की कि अपने शहर को स्वच्छ बनाये रखने में अपना सहयोग प्रदान करें।
स्थानीय आमजन ओमप्रकाश, कालूराम, मुकेश, हनुमान, लीला देवी, लक्ष्मी देवी, किरण देवी आदि ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।
कुचामन सिटी: मां शाकंभरी मंदिर में शारदीय नवरात्र महोत्सव 22 सितंबर से






