कुचामन सिटी. पिछले दो दिन से कुचामन सिटी सहित डीडवाना-कुचामन जिले के कई इलाकों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। शनिवार (23 अगस्त) को सुबह से ही बादल छाए रहे और देर रात तक बारिश का सिलसिला चलता रहा।


वहीं रविवार (24 अगस्त) को नए दिन की शुरुआत भी तेज बारिश के साथ हुई। लगातार बारिश से दिन का तापमान 10 डिग्री से अधिक गिरकर 22 से 24 डिग्री तक पहुंच गया है।

जनजीवन प्रभावित, जगह-जगह जलभराव
दो दिन से जारी तेज बारिश के कारण कुचामन सिटी में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर की कई सड़कों पर गड्ढों में पानी भर गया है, कीचड़ और गंदे पानी की समस्या बनी हुई है। नगर परिषद का कार्यकाल समाप्ति की ओर है, लेकिन अब भी बुनियादी समस्याएं जस की तस हैं।
पैदल यात्रियों को परेशानी
बरसात के बीच कुचामन और नावां सहित विभिन्न शहरों से सालासर और रामदेवरा जाने वाले श्रद्धालुओं के संघ रवाना हो चुके हैं। पैदल यात्रा पर निकले यात्रियों को मौसम की मार झेलनी पड़ रही है। लगातार बारिश के चलते उन्हें रास्ते में अतिरिक्त मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
किसानों के चेहरों पर खुशी – लगातार हो रही बारिश से क्षेत्र के किसानों के चेहरों पर रौनक लौट आई है।
खरीफ की फसलों जैसे बाजरा, मूंग, उड़द, ग्वार और मूंगफली को पर्याप्त नमी मिलने से उनकी बढ़वार अच्छी होगी।

मौसम विभाग ने दी चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार – प्रदेश में सक्रिय परिसंचरण तंत्र और मानसून ट्रफ लाइन के कारण आगामी दिनों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।

पिछले 24 घंटों में दौसा में सर्वाधिक 285 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं अलवर, जयपुर, करौली, सवाई माधोपुर, सीकर और टोंक जिलों में अति भारी बारिश दर्ज हुई है। उदयपुर, सिरोही, राजसमंद, प्रतापगढ़, भरतपुर, नागौर, डीडवाना-कुचामन और अजमेर जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हुई है।






