कुचामन सिटी. लायन्स क्लब द्वारा आयोजित संस्कार सप्ताह के छठे दिवस पर एच.पी. काबरा गर्ल्स कॉलेज में संस्कार संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

क्लब सचिव लायन संजय रांवका ने बताया कि कार्यक्रम में पूर्व प्रांतपाल लायन श्यामसुन्दर मंत्री ने छात्राओं को नैतिक संस्कारों के महत्व तथा उनके सकारात्मक प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अच्छे संस्कार ही उच्च चरित्र के निर्माण की आधारशिला होते हैं।

क्लब अध्यक्ष लायन डॉ. वी.के. गुप्ता ने भारतीय संस्कृति द्वारा प्रदत्त स्वच्छता, शुद्ध वातावरण, स्वच्छ जल एवं सात्विक भोजन जैसे सिद्धांतों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया इन्हें अपना रही है। वहीं लायन मनोहर पारीक ने छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के महत्व और उसके उपयोग के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेता छात्राओं को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में लायन डॉ. वी.के. गुप्ता, लायन श्यामसुन्दर मंत्री, लायन सुभाष रांवका, लायन नरेन्द्र शर्मा, लायन मनोहर पारीक, लायन विकास कुमावत सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भगवती मैडम ने किया।
संस्कार सप्ताह के पांचवें दिन स्थानीय धनजी के बाग में आयोजित अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर सद् साहित्य का वितरण किया गया।
क्लब कोषाध्यक्ष लायन मनीष बंसल ने बताया कि संस्कार सप्ताह के अंतिम दिन हिराणी गौशाला में गौमाता के लिए छप्पन भोग, संस्कार रैली तथा पूर्व प्रांतपाल लायन श्यामसुन्दर मंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में महंत सुदर्शनदास महाराज के सान्निध्य में संस्कार उत्सव का आयोजन किया जाएगा।
कुचामन सिटी: विश्व शांति महायज्ञ के साथ सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य समापन







