कुचामन सिटी. दीपावली पर्व को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त है। जिला कलक्टर के निर्देश पर जिले के सभी नगरीय निकायों में स्थायी पटाखा लाइसेंसधारियों की दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है।
इस दौरान विस्फोटक नियम, 2008 एवं वर्तमान नियमों के तहत सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है।

नगर परिषद आयुक्त के आदेश पर आज कुचामन सिटी में स्थायी पटाखा लाइसेंसधारियों की दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान फायर सेफ्टी संबंधी उपकरणों और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई। निरीक्षण दल में राजस्व अधिकारी प्रवीण जनागल, कार्यवाहक मुख्य स्वच्छता निरीक्षक राजेन्द्र कुमार और फायरमैन श्रवण कुमार शेषमा मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मी भी साथ रहे।
कलक्टर ने 7 दिन में मांगी रिपोर्ट
आगामी दीपावली पर्व पर संभावित जनहानि और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला कलक्टर ने संबंधित पुलिस एवं नगर निकाय के अधिकारियों को संयुक्त रूप से स्थायी पटाखा लाइसेंसधारियों के अनुज्ञप्त स्थलों का निरीक्षण कर निर्धारित प्रपत्र में 7 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट कार्यालय में भिजवाने के निर्देश दिए हैं।








