कुचामन सिटी. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कुचामन नगर की ओर से पथ संचलन का आयोजन उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शस्त्र पूजन एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवकों ने एकजुटता और राष्ट्रनिष्ठा के भाव के साथ कदमताल करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से पथ संचलन किया।

घोषवादक दल के अनुगमन में प्रणव, आणक, शंख, झांझ, वेणु और त्रिभुज सहित विभिन्न वाद्य यंत्रों के वादन से गूंजती धुनों एवं तालबद्ध स्वरों के बीच स्वयंसेवक कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ते रहे।


पथ संचलन स्टेशन रोड से प्रारंभ होकर पुराना बस स्टैंड, गोल प्याऊ, सदर बाजार, घाटी कुआं, नया शहर, महादेव भवन की गली, न्यू कॉलोनी, विश्वकर्मा मंदिर और नला बाजार रोड से गुजरा। इसके बाद सरला बिरला कल्याण मंडप के पास से जवाहर स्कूल होते हुए भोमराजका विद्यालय परिसर में संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया।

जनप्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
पथ संचलन के दौरान लायंस सर्कल पर स्थानीय विधायक एवं राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी, सभापति महेश रामचंद्रका और उपसभापति बाबूलाल कुमावत ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया।
इस अवसर पर कुचामन खंड संघचालक नवल डालूका, विभाग सह कार्यवाह रामेश्वर भाकर, विभाग कुटुंब प्रबोधन संयोजक प्रमोद कुमार और जिला प्रचारक बाबूलाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कुचामन सिटी: मां शक्ति के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ SKA कराटे चैंपियनशिप सीजन-2 का भव्य शुभारंभ







