कुचामन सिटी. दिगम्बर जैन पुरानी नसियां जी में पर्युषण पर्व के उत्तम आर्जव धर्म के पावन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत “बनो और बनाओ – तीर्थंकर को जानो” कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को जैन धर्म के 24 तीर्थंकरों के जीवन, आदर्शों, चिह्नों एवं उपदेशों से परिचित कराना तथा धार्मिक ज्ञान को रचनात्मक एवं रोचक माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा।

दिगम्बर जैन अजमेरी मंदिर ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष रावका ने बताया कि कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न तीर्थंकरों का स्वरूप धारण कर उनके नाम, चिह्न, जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंग एवं धार्मिक संदेश प्रस्तुत किए। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा, संवाद, प्रस्तुति एवं आत्मविश्वास ने उपस्थित समाजजनों का ध्यान आकर्षित किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से अहिंसा, सत्य, संयम, त्याग, तप एवं आत्मशुद्धि जैसे जैन धर्म के मूल सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।
मंत्री मनोज पांड्या ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। समाजजनों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं संस्कारप्रधान आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति और धर्म से जोड़ने के साथ उनमें मंच पर प्रस्तुति देने का आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से तीर्थंकरों के जीवन एवं आदर्शों को जानने और उन्हें अपने आचरण में उतारने की प्रेरणा दी गई।

कोषाध्यक्ष अजय पाटोदी ने बताया कि इसी अवसर पर प्रातः काल्या बाबा की नसियां जी में शांतिधारा का सौभाग्य राजकुमार एवं रौनक कुमार कासलीवाल परिवार तथा कमल कुमार पहाड़िया परिवार को प्राप्त हुआ। वहीं अजमेरी मंदिर में शांतिधारा एवं काल्या बाबा के दरबार में महाआरती का सौभाग्य भंवरी देवी, धर्मपत्नी स्वर्गीय कमल नयन, पटोदी परिवार को प्राप्त हुआ। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सहभागिता की।
कार्यक्रम में अध्यक्ष जयकुमार पहाड़िया, राजकुमार सेठी, अशोक काला, संजय रावका, देवेन्द्र पहाड़िया, प्रमोद पाण्ड्या, राजेश पाण्ड्या, जम्बू पाटोदी, मोहित सेठी, संजय पांड्या, रौनक कासलीवाल सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।
आज रात क्रिकेट के रंग में रंगेगा कुचामन स्टेडियम, चौकों-छक्कों के साथ PTCL का आगाज







