कुचामन सिटी. राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पंचम चरण के अंतर्गत कुचामन सिटी में प्रस्तावित 23.06 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को लेकर 5 अगस्त को नगर परिषद सभागार में ‘आरयूआईडीपी संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं अन्य स्टेकहोल्डर्स को प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा उनके सुझाव और फीडबैक लिए जाएंगे।

आरयूआईडीपी के पंचम चरण में कुचामन सिटी में 15.96 करोड़ रुपए की लागत से अपशिष्ट जल प्रबंधन एवं शोधित जल के पुनः उपयोग, 2.96 करोड़ रुपए से बाढ़ प्रबंधन एवं ड्रेनेज कार्य, जबकि 4.14 करोड़ रुपए से कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (CCC), विरासत संरक्षण एवं पर्यटन से जुड़े विकास कार्य प्रस्तावित हैं।
आरयूआईडीपी के अनुसार – पंचम चरण का उद्देश्य तेजी से विकसित हो रहे शहरों एवं उनके सैटेलाइट नगरों में आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल शहरी आधारभूत सुविधाओं का विकास करना है। इसके तहत अपशिष्ट जल प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, शहरी यातायात सुधार, जल निकासी, विरासत संरक्षण, पर्यटन विकास तथा कमांड एंड कंट्रोल सेंटर जैसी परियोजनाओं पर कार्य किया जाएगा।

प्रदेशभर में इस चरण के तहत 84 शहरों में करीब 9,500 करोड़ रुपए के विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) की 6,009 करोड़ रुपये की ‘राजस्थान अर्बन लिवेबिलिटी इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट (RULIP)’ तथा विश्व बैंक की 3,492 करोड़ रुपये की ‘सस्टेनेबल अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन ऑफ राजस्थान एक्सेलेरेटेड (SUTRA)’ परियोजनाओं के माध्यम से वित्तपोषण किया जाएगा।
परियोजना का उद्देश्य शहरों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित, पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए विकसित भारत-2047 एवं विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्यों को साकार करना है।






