मकराना शहर के एक निजी विद्यालय में अध्ययनरत साढ़े तीन वर्षीय मासूम छात्रा के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।


परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि जिला प्रशासन ने मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की है। समिति तीन दिन में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। इस दौरान विद्यालय को तीन दिन के लिए बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

स्कूल से लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत
27 जुलाई को छात्रा स्कूल से घर लौटी तो वह असहज दिखाई दे रही थी। उसने पेट में तेज दर्द होने की शिकायत की। शुरुआत में परिजनों ने सामान्य परेशानी समझी, लेकिन कुछ ही देर में बच्ची की तकलीफ बढ़ने लगी। मां द्वारा पूछताछ करने पर बच्ची ने बताया कि स्कूल के एक अंकल उसे बाथरूम में ले गए थे और उसके साथ गलत हरकत की। बच्ची ने बताया कि घटना के बाद से उसके पेट में लगातार दर्द हो रहा है।
निजी अस्पताल में हुई जांच, डॉक्टरों ने जताई रेप की आशंका
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन बच्ची को शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने दुष्कर्म की आशंका जताई। इसके बाद 28 जुलाई को परिजनों ने संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर मेडिकल सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।

गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों का रात भर प्रदर्शन
मामले की जानकारी फैलते ही 28 जुलाई की रात बड़ी संख्या में स्थानीय लोग विद्यालय के बाहर एकत्रित हो गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। देर रात तक कार्रवाई नहीं होने पर लोगों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया जिससे यातायात प्रभावित रहा।
प्रदर्शन पूरी रात जारी रहा। घटना की गंभीरता को देखते हुए कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से लगातार वार्ता कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया।
पुलिस के आश्वासन के बाद खुला जाम
मौके पर पहुंचे डीएसपी विक्की नागपाल और थानाधिकारी पंकज कुमार ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए तीन दिन का समय मांगा तथा निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद बुधवार तड़के करीब चार बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल कराया गया।
जांच समिति गठित, स्कूल रहेगा बंद
डीएसपी विक्की नागपाल ने बताया कि जिला कलक्टर अवधेश मीणा ने पूरे मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की है, जो तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट देगी। जांच पूरी होने तक विद्यालय तीन दिन के लिए बंद रहेगा।
पुलिस के अनुसार परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बच्ची का मेडिकल कराया गया है। फिलहाल बच्ची आरोपी की पहचान नहीं कर सकी है।
कुचामन सिटी: कांग्रेस नेताओं की मांग, पूर्व सीमांकन से हों नगर परिषद के चुनाव






