कुचामन सिटी में लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी बारिश का दौर जारी रहा। मंगलवार सुबह शहर में अच्छी बारिश हुई थी।


मौसम विभाग ने डीडवाना-कुचामन जिले के लिए पहले ही बारिश का येलो अलर्ट जारी किया था। अब विभाग ने आगामी तीन घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।


बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई हालांकि वातावरण में उमस बनी हुई है। वहीं अच्छी बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है।
दो दिन से जारी है बारिश का दौर
मंगलवार से ही कुचामन सहित पूरे डीडवाना-कुचामन जिले में बादलों का डेरा बना हुआ है। इसके बाद कुचामन सिटी, मकराना, नावां और डीडवाना सहित जिले के कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। मंगलवार को दोपहर तक बादल छाए रहे और बारिश हुई। वहीं बुधवार सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे तथा दोपहर के समय फिर बारिश हुई।


बारिश के चलते जिले के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। डीडवाना-कुचामन जिले में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
कुचामन सिटी: सोशल मीडिया पर अपराधियों का महिमामंडन पड़ा भारी, पुलिस ने तीन युवकों को किया गिरफ्तार
26 जुलाई तक येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने डीडवाना-कुचामन जिले के लिए 22 से 26 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है।
बारिश से किसानों की बढ़ी उम्मीदें
पिछले कुछ दिनों से पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण जिले के किसान खरीफ फसलों को लेकर चिंतित थे। अब मानसून के फिर सक्रिय होने और लगातार बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है जिससे खरीफ की फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है। किसानों को अच्छी पैदावार की आस फिर से बंध गई है।
कुचामन सिटी में 31 जुलाई को होगा, रफी नाइट-एक शाम रफी के नाम कार्यक्रम






