कुचामन सिटी. गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में गौ हत्या रोकने के लिए चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में अधिक से अधिक लोगों से जुड़ने की अपील की गई।


गौ सेवक रवि भार्गव ने बताया कि भारत में गौ हत्या पर कड़ा कानून बनाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आमजन को जागरूक कर उनके हस्ताक्षर एकत्र किए जा रहे हैं, जिन्हें जिला स्तर पर डिप्टी कमिश्नरों के माध्यम से भारत सरकार तक भेजा जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण में देशभर से करीब 5.15 करोड़ लोगों के हस्ताक्षर एकत्र कर भारत सरकार तक सुरक्षित पहुंचाए जा चुके हैं, जो गौ माता के प्रति देशवासियों की श्रद्धा और समर्थन को दर्शाते हैं।
ब्रह्माकुमारी बसु दीदी ने गौ हत्या रोकने के लिए सभी समाजजनों से एकजुट होकर इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अभियान का दूसरा चरण भी सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है तथा 27 जुलाई को दूसरे चरण में एकत्र किए गए हस्ताक्षर संबंधित डिप्टी कमिश्नरों को सौंपे जाएंगे। इसी दिन सुदर्शन दास महाराज एवं संतों के पावन सानिध्य में डीडवाना जिला मुख्यालय पर भी प्रार्थना-पत्र सौंपा जाएगा।

उन्होंने सभी वर्गों के लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने हस्ताक्षर के माध्यम से योगदान देने की अपील की।
इस अवसर पर रिटायर्ड एईएन बाबू सिंह, दानाराम, राधेश्याम स्वामी, कौशल्या शर्मा एवं प्रफुल्ल शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






