कुचामन सिटी. शहर में RUIDP एवं L&T द्वारा किए जा रहे सीवरेज एवं पेयजल लाइन कार्यों की गुणवत्ता एवं अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों ने कड़ी आपत्ति जताई है।

नगर परिषद को कंपनी की ओर से रोड रेस्टोरेशन, रोड सेटलमेंट एवं मैनहोल संबंधी कार्यों को पूर्ण एवं संतोषजनक बताते हुए सैटिस्फैक्शन सर्टिफिकेट जारी करने का अनुरोध किया गया था। लेकिन जनप्रतिनिधियों ने इसका विरोध करते हुए पहले सभी कार्य गुणवत्तापूर्वक पूरा कराने की मांग उठाई।

नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया ने इस संबंध में शहर के पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर कार्यों की वास्तविक स्थिति जानी। चर्चा के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने एकमत से कहा कि शहर में कई स्थानों पर कार्य अब भी अधूरे हैं तथा जहां कार्य पूरा हुआ है, वहां भी सड़कें क्षतिग्रस्त होने सहित गुणवत्ता संबंधी शिकायतें सामने आ रही हैं।
इसके बाद निवर्तमान पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से नगर परिषद में लिखित आपत्ति पत्र सौंपते हुए मांग की कि जब तक सभी अधूरे कार्य नियमानुसार एवं गुणवत्तापूर्वक पूरे नहीं हो जाते तथा क्षतिग्रस्त सड़कों का पुनर्स्थापन नहीं किया जाता, तब तक किसी भी प्रकार का सैटिस्फैक्शन सर्टिफिकेट जारी नहीं किया जाए।

जनप्रतिनिधियों की आपत्तियों के बाद नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया ने निर्देश दिए कि सैटिस्फैक्शन सर्टिफिकेट जारी करने से पहले सभी शेष कार्य नियमानुसार एवं गुणवत्तापूर्वक पूर्ण कराए जाएं, उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान भाजपा कुचामन शहर अध्यक्ष बाबूलाल कुमावत, पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका गोरूराम कुमावत, निवर्तमान पार्षद छीतरमल कुमावत, अयूब शेख, नरसीराम कुमावत, भागीरथ कुमावत, तुलसीराम कुमावत, रामेश्वर कुमावत, जसराज खुड़ीवाल, किशन गुर्जर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






