कुचामन सिटी. दीपपुरा भूमि विवाद मामले में अब दूसरे पक्ष की ओर से भी कुचामन सिटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।


मामले में पहले उदाराम कुमावत निवासी दीपपुरा की ओर से नन्दकिशोर कुमावत, अशोक पुरी, बीरमाराम, कल्पना देवी, कालूराम और राजेन्द्र चौधरी पर मुआवजा दिलाने के नाम पर भूमि हड़पने के प्रयास का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई गई थी।

इस पर बिरमाराम जाट पुत्र लिखमाराम ने आरोप लगाया है कि भूमि विक्रय का इकरार करने के बाद उससे 10 लाख रुपए प्राप्त किए गए, लेकिन बाद में उसी भूमि का विक्रय अन्य व्यक्तियों के नाम कर दिया गया।
दरअसल, लिखमाराम जांगू पुत्र बिरमाराम जाट निवासी कुचामन सिटी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि दीपपुरा स्थित खसरा संख्या 649/271 रकबा 0.3767 हेक्टेयर भूमि के संबंध में 6 जून 2026 को उसके पक्ष में विक्रय का इकरार किया गया था। आरोप है कि संबंधित पक्ष ने आश्वासन दिया था कि उक्त भूमि का पंजीकृत विक्रय पत्र केवल उसके नाम निष्पादित किया जाएगा।

लिखमाराम के अनुसार – उसने विक्रय इकरार के प्रतिफल स्वरूप 2 लाख रुपए नकद तथा 8 लाख रुपए चेक के माध्यम से कुल 10 लाख रुपए अदा किए। आरोप है कि राशि प्राप्त करने के बाद 18 जून 2026 को उसी भूमि का पंजीकृत विक्रय पत्र कल्पना देवी एवं बीरमाराम के पक्ष में निष्पादित कर दिया गया तथा यह तथ्य उससे छिपाकर रखा गया।
रिपोर्ट में उदाराम, कुनणमल, मदनलाल, दुर्गादेवी, विमला, सुनीता, सुमन, रामस्वरूप एवं शंकरलाल के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच थानाधिकारी महावीर प्रसाद कर रहे हैं।

मामले में वकीलों का नाम आने पर अधिवक्ता संघ ने जताई चिंता; पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन
उदाराम पुत्र नानूराम कुमावत निवासी दीपपुरा की दी गई रिपोर्ट में अधिवक्ता अशोक पुरी और कालूराम का भी नाम एफआईआर में दर्ज कराया गया था।
अब प्रकरण को लेकर अभिभाषक संघ, कुचामन सिटी ने चिंता व्यक्त की है। मंगलवार को आयोजित साधारण सभा में अधिवक्ताओं ने कहा कि संबंधित अधिवक्ताओं का पक्ष सुने बिना तथा उनकी भूमिका का समुचित परीक्षण किए बिना ही प्रकरण दर्ज किया गया है।
अभिभाषक संघ ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि किसी भी अधिवक्ता के विरुद्ध कार्रवाई से पूर्व सभी तथ्यों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाना चाहिए। इसके बाद संघ के पदाधिकारी एवं अधिवक्ता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कुचामन सिटी पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अधिवक्ता अशोक पुरी एवं कालूराम के विरुद्ध प्रस्तावित किसी भी कार्रवाई से पूर्व अभिभाषक संघ को अवगत कराने की मांग की गई।

कलक्टर और पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
वहीं उदाराम और उनके समाज के लोगों ने आज डीडवाना-कुचामन कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वकीलों सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की गई। उदाराम की ओर से पूर्व में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि रिंग रोड मुआवजे की प्रक्रिया की आड़ में धोखे से दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाकर भूमि से संबंधित दस्तावेज तैयार किए गए
मामले से जुड़ी खबर :- कुचामन सिटी: समाज के लोगों के साथ पीड़ित ने थाने पहुंचकर करवाया मुकदमा दर्ज, जमीन विवाद को लेकर मंत्री विजय सिंह से भी मिले






