कुचामन सिटी. पीएम श्री जवाहर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में ग्रीष्मावकाश के दौरान संचालित अभिरुचि शिविर एवं समाज सेवा शिविर का कुचामन के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी भंवरलाल खोखर ने औचक निरीक्षण कर शिविर की गतिविधियों का अवलोकन किया।


निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा सीखी जा रही विभिन्न गतिविधियों की सराहना करते हुए शिविर प्रभारीगण की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

शिविर में छात्र-छात्राएँ अपनी अभिरुचि के अनुसार कंप्यूटर हार्डवेयर की जानकारी, कंप्यूटर संचालन, फाइल तैयार करना तथा कंप्यूटर की बेसिक जानकारी सीख रहे हैं। वहीं चित्रकला व्याख्याता रामस्वरूप जाट के मार्गदर्शन एवं हेमंत चौहान के सानिध्य में विद्यार्थी चित्रकला के गुण सीख रहे हैं। इस अवसर पर प्रधानाचार्य मंजू चौधरी ने भी शिविर में की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी भंवरलाल खोखर ने ग्रीष्मावकाश के बावजूद बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को घर से निकलते समय पानी की बोतल साथ रखने, सिर पर स्कार्फ या छाता लगाने तथा गर्मी से बचाव की सावधानियाँ अपनाने की सलाह दी और पूर्ण मनोयोग से अभिरुचि शिविर का लाभ उठाने पर जोर दिया।

उन्होंने अभिरुचि शिविर प्रभारी दयाराम कलावत, समाज सेवा शिविर प्रभारी डॉ. भंवरलाल गुगड़ तथा रामस्वरूप जाट द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों के हित में उत्कृष्ट कार्य हो रहा है।
एसबीआई अधिकारियों ने दी बैंकिंग की जानकारी :-
प्रातः 10 बजे स्टेशन रोड स्थित एसबीआई बैंक शाखा प्रबंधक नरेश माली विद्यालय पहुंचे और अपनी वार्ता के जरिए शिविरार्थियों को अल्प बचत खाता खोलने, बचत के फायदे, साइबर फ्रॉड से बचाव, एजुकेशन लोन लेने की प्रक्रिया, बंद खातों को पुनः चालू करवाने, पैसे जमा करने एवं निकासी की बैंकिंग प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
साइबर फ्रॉड और बचत को लेकर किया जागरूक :-
इस अवसर पर एसबीआई बैंक के ऋण प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को बैंक लोन प्रक्रिया के बारे में सरल भाषा में समझाया। बैंक प्रबंधक नरेश माली ने विद्यार्थियों से अपने अभिभावकों को भी बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने की अपील करते हुए कहा कि आज का बालक देश का भविष्य है। यदि वह अभी से बचत की आदत अपनाएगा तो भविष्य में आर्थिक समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा।
विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से प्रभावित होकर बैंक अधिकारियों ने शिविर में भाग ले रहे छात्र-छात्राओं के लिए नाश्ते की व्यवस्था भी की।
शिविर में बढ़ रही विद्यार्थियों की सहभागिता :-
समाज सेवा शिविर प्रभारी डॉ. भंवरलाल गुगड़ ने सभी अतिथियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी दिनों की गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। शिविर में कंप्यूटर प्रशिक्षक मयंक शर्मा, योग शिक्षक सुनील कुमार तथा आर्ट एंड क्राफ्ट प्रशिक्षक हेमंत चौहान उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया।






