डीडवाना-कुचामन जिले को नया पुलिस अधीक्षक मिल गया है। राज्य सरकार द्वारा बीती रात 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए, जिसमें ज्ञानचंद्र यादव को डीडवाना-कुचामन जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।


वहीं वर्तमान एसपी रिचा तोमर को आरएसी की 11वीं बटालियन में कमांडेंट पद पर लगाया गया है।

ज्ञानचंद्र यादव इससे पहले एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड, जयपुर (ATS) में एसपी के पद पर कार्यरत रहे हैं। ऐसे में उनके जिले की कमान संभालने को कानून-व्यवस्था और गैंगस्टर गतिविधियों पर सख्ती से जोड़कर देखा जा रहा है।
डीडवाना-कुचामन जिले, खासतौर पर कुचामन सिटी में पिछले समय से गैंगस्टर गतिविधियां चर्चा में रही हैं। रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण गैंग द्वारा रमेश रुलानिया मर्डर को अंजाम दिया गया था। वहीं जिले के अलग-अलग व्यापारियों को फिरौती के लिए लगातार धमकियां दी जा रही हैं। भाजपा नेता विजय सिंह को भी अब तक जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।

ऐसे में ATS का अनुभव रखने वाले अधिकारी ज्ञानचंद्र यादव की जिले में नियुक्ति को सरकार के एक अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव का फायदा जिले में अपराध नियंत्रण, गैंगस्टर नेटवर्क पर कार्रवाई और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने में मिल सकता है।

डीडवाना-कुचामन में 21 मई को जिला स्तरीय जनसुनवाई, लंबित मामलों की होगी समीक्षा






