डीडवाना-कुचामन जिले की चितावा थाना पुलिस ने बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री (चाइल्ड पोर्नोग्राफी) के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।


आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में करीब 400 आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिले हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और पोक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसपी ज्ञानचन्द्र यादव (आईपीएस) ने बताया कि 28 मई 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा के निर्देशन तथा वृताधिकारी मुकेश चौधरी के सुपरविजन में चितावा थाना पुलिस ने कार्रवाई की। थानाधिकारी तेजाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने मोबाइल फोन में बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो देख रहा है और उसके मोबाइल में बड़ी मात्रा में ऐसी सामग्री मौजूद है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान आरोपी पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान मुकेश कड़वा (30) पुत्र बोदूराम निवासी सुजानपुरा थाना चितावा के रूप में हुई।

व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर किए जाते थे अश्लील फोटो-वीडियो, कई लोग ग्रुप का हिस्सा
आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया। जांच में मोबाइल में 1000 से अधिक वीडियो और सैकड़ों फोटो मिले। इनमें से करीब 400 वीडियो बच्चों के शोषण और लैंगिक अपराधों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री पाए गए। जांच के दौरान एक व्हाट्सएप ग्रुप भी मिला, जिसमें कई सदस्य जुड़े हुए थे और उसमें भी नाबालिगों से संबंधित अश्लील सामग्री साझा की जा रही थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67, 67A, 67B तथा पोक्सो एक्ट की धारा 15 सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच कुचामन थाना प्रभारी सतपाल सिंह कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री रखना, डाउनलोड करना, शेयर करना या सोशल मीडिया पर प्रसारित करना गंभीर दंडनीय अपराध है। ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।






