नावां शहर में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपए की चोरी की बड़ी वारदात ने क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।


मुख्य सड़क किनारे स्थित एक मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने बड़ी सफाई से घर के मुख्य गेट का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर लाखों रुपए की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, एलसीडी टीवी, जरूरी दस्तावेज तथा म्यूजिक सिस्टम चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार – मकान मालिक राजकुमार चौधरी पुत्र मूलाराम चौधरी शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे अपनी पत्नी को चिकित्सकीय परामर्श के लिए कुचामन अस्पताल लेकर गए हुए थे। उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया और मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश कर गए। चोरों ने घर के कमरों में रखी आलमारियों और संदूकों को खंगाल डाला तथा कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।
स्कूल से लौटी बच्ची ने देखा टूटा ताला
दोपहर करीब 1 बजे स्कूल से घर लौटी उनकी पुत्री ने घर के ताले टूटे हुए और सामान बिखरा पड़ा देखा। घर का सामान अस्त-व्यस्त देखकर वह घबरा गई और तुरंत परिजनों व आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद चोरी की घटना का खुलासा हुआ।


सूचना मिलते ही नावा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना कर जांच शुरू की। वहीं डीडवाना से एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा पड़ोसियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पीड़ित परिवार के अनुसार – चोर घर से करीब ₹3.50 लाख नकद, लगभग 30 तोला सोने के आभूषण, करीब 1 किलो चांदी, जरूरी दस्तावेज, दीवार पर लगी एलसीडी टीवी तथा घर में रखा बड़ा म्यूजिक सिस्टम चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।
पुरानी चोरी की वारदातें अब भी अनसुलझी
गौरतलब है कि गत वर्ष भी इसी स्थान से करीब 200 मीटर दूर दिनदहाड़े लाखों रुपए की चोरी की वारदात हुई थी, जिसका खुलासा आज तक नहीं हो पाया है। इसके अलावा टंकी की ढाणी क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी की घटना भी अब तक अनसुलझी है। लगातार हो रही चोरी की वारदातों और मामलों के खुलासे में देरी को लेकर लोगों में पुलिस कार्यप्रणाली के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने शहर में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
कुचामन सिटी: हनुमान राम चौधरी बने जिलाध्यक्ष, कृषि मंडी में हुआ भव्य स्वागत






