डीडवाना-कुचामन: नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की अध्यक्षता में शनिवार को डीडवाना-कुचामन जिले की जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक डीडवाना उपखंड अधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित हुई।


बैठक में सांसद बेनीवाल ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पानी के लिए तरसते कुचामन क्षेत्र के गांव, लोग बोले- बस प्रचार करने में ध्यान दे रही सरकार
उन्होंने जिले की चिकित्सा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अस्पतालों में साफ-सफाई, सरकारी अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता तथा चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में मेडिकल कॉलेज के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजने को भी कहा।

सांसद बेनीवाल ने पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए गर्मी के मौसम में सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक पेयजल कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तथा नए सड़क प्रोजेक्ट समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए। साथ ही सड़कों के नवीनीकरण एवं मरम्मत के प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा।
बैठक में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने तथा किसानों को कृषि कार्य के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा :-
इस दौरान सांसद बेनीवाल ने कौशल विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, वन विभाग, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम विभाग, मध्यम एवं लघु उद्योग, नगरीय निकाय, कृषि, सहकारिता, राजस्व, ग्रामीण विकास, बैंक एवं डाक विभाग, रेलवे, शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा कर प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने श्रम विभाग को सभी ब्लॉकों में श्रमिक कार्ड शिविर आयोजित करने सहित अन्य विभागों को आवश्यक कार्य प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं सुदृढ़ करने के निर्देश भी जारी किए गए।
सांसद बेनीवाल ने कहा कि दिशा समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों पर अधिकारी तुरंत कार्रवाई करें तथा आमजन से जुड़े कार्यों को संवेदनशीलता के साथ समय पर पूरा करें। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में लाडनूं विधायक मुकेश भाकर, मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत, जिला कलक्टर अवधेश मीना, उप वन संरक्षक विजय शंकर पांडे, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजीत गोदारा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर विकास मोहन भाटी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, समिति के सदस्य एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






