डीडवाना-कुचामन जिले की जसवंतगढ़ थाना पुलिस ने ग्राम रायधना में तीन घरों में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।


पुलिस ने आरोपियों का करीब 20 किलोमीटर तक पदचिन्हों के आधार पर पीछा कर उन्हें सुजानगढ़ क्षेत्र के ठरडा के पास दस्तयाब किया।

पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा तथा वृताधिकारी लाडनूं जितेन्द्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी जसवंतगढ़ राजेश कुमार मय पुलिस जाप्ता ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार – 14 मई 2026 की रात ग्राम रायधना निवासी भैरूराम, गोपाल ढाका और नेमाराम के घरों में अज्ञात चोरों ने घुसकर बक्सों और अलमारियों के ताले तोड़ दिए तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। तीसरे घर में चोरी के दौरान घरवालों की नींद खुलने पर आरोपी खेतों की तरफ भाग निकले।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से चोरों के पदचिन्हों का पीछा शुरू किया। पुलिस टीम ने रायधना, कुमासिया और तंवरा के खेतों में करीब 20 किलोमीटर तक पीछा किया। इस दौरान तंवरा-गनेड़ी रोड स्थित सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए।
फील्ड इंटेलिजेंस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को खेत में खड़ी एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल की जानकारी मिली। जांच में मोटरसाइकिल श्यामसुन्दर पुत्र झुमरदास निवासी जैतासर, थाना छापर जिला चूरू के नाम पाई गई। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी पूर्व में भी नकबजनी के मामलों में चालानशुदा है और अपने साथी राजेश स्वामी उर्फ नन्दकिशोर निवासी जैतासर के साथ वारदातों को अंजाम देता है।
पुलिस ने दोनों संदिग्धों की तलाश करते हुए ठरडा के विरान ताल क्षेत्र से श्यामसुन्दर और राजेश उर्फ नन्दकिशोर को दस्तयाब किया। पूछताछ में दोनों ने रायधना की चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए।
दिन में रैकी करते और रात में चोरी :-
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दिन में मोटरसाइकिल से गांवों में रैकी करते थे और रात में घरों के ताले तोड़कर नकबजनी की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों के खिलाफ चोरी और नकबजनी के करीब 28 मामले दर्ज होना सामने आया है। पुलिस अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
कुचामन सिटी: सुजानपुरा में कल से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा, निकलेगी भव्य कलश यात्रा






