कुचामन सिटी के प्रसिद्ध सर्व हिंदू समाज शीतला माता मंदिर में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से हुए चुनाव में कमल कुमार जोशी को अध्यक्ष और रामेश्वर लाल किरोड़ीवाल को सचिव चुना गया।


यह घोषणा मुख्य संरक्षक मोहन सिंह, एडवोकेट दिनेश दवे, चुन्नीलाल सैनी, कुंजबिहारी जोशी, बजरंग सैन, लाल सैन एवं मंदिर पुजारी पप्पू महाराज के सानिध्य में मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में की गई।

मंदिर में नई कार्यकारिणी का गठन
मंदिर की नई कार्यकारिणी के गठन पर सर्व हिंदू समाज शीतला माता मंदिर सेवा समिति के सभी वरिष्ठ संरक्षक, मंदिर समिति सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
नई कार्यकारिणी में कमल किशोर गोयर को कोषाध्यक्ष तथा अशोक राणा को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

इसके अतिरिक्त विभिन्न समाजसेवी एवं सक्रिय सदस्यों को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया, जो मंदिर की गतिविधियों के सुचारु संचालन में सहयोग करेंगे।
बैठक के दौरान मंदिर की व्यवस्थाओं, धार्मिक आयोजनों एवं आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति सदस्यों ने मंदिर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, धार्मिक कार्यक्रमों के नियमित आयोजन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने का संकल्प लिया।
नवनियुक्त अध्यक्ष कमल कुमार जोशी ने कहा कि वे सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के सहयोग से मंदिर के विकास और धार्मिक गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे।
पूर्व कोषाध्यक्ष कमल किशोर गोयर ने पूर्व वर्षों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि समिति द्वारा वर्षभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम, भजन संध्या, बच्चों को धर्म, संस्कृति एवं आत्मरक्षा (जूडो-कराटे) से जुड़े कार्यक्रम तथा सामाजिक सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे। साथ ही मंदिर परिसर में आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। उपस्थित लोगों ने नई कार्यकारिणी से मंदिर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर समिति के योगेश शर्मा, बबलू महाराज, पूर्व अध्यक्ष परमेश्वर सोनगरा, अमरचंद सेन, पवन अग्रवाल, तरुण सोनी, अजय कुमावत, नवीन कुमावत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कुचामन सिटी में ग्रीष्मकालीन सांस्कृतिक शिविर का शुभारम्भ 10 मई से






