कुचामन उपखंड में भीषण गर्मी के बीच लगातार बिगड़ती पेयजल सप्लाई व्यवस्था को लेकर आमजन परेशान हैं।


इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कुचामन नगर परिषद के निवर्तमान उपसभापति हेमराज चावला ने कहा कि सरकार बनावटी योजनाओं का महिमामंडन छोड़ आमजन को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने पर ध्यान दे।

हेमराज चावला ने बताया कि अप्रैल माह से गर्मी का दौर शुरू होने के चलते आमजन को पेयजल की अधिक आवश्यकता एवं निरंतर सप्लाई की जरूरत है। इसके बावजूद इस भीषण गर्मी में जलदाय विभाग द्वारा 45 दिन की नहरबंदी कर 5 से 10 दिनों में एक बार पेयजल सप्लाई करना खेदजनक है।
उन्होंने कहा कि इससे आमजन में पेयजल के लिए त्राहि-त्राहि मची हुई है तथा ज्यादातर लोगों के घरों में पानी के स्टोरेज टैंक नहीं होने से रोजाना पेयजल के लिए बर्तन लेकर भटकना पड़ रहा है।

हेमराज चावला ने ग्राम रथ के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर तंज कसते हुए कहा कि वर्तमान भीषण गर्मी के दौर में सरकार आमजन को नियमित पेयजल तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। ऐसे में बनावटी योजनाओं का झूठा महिमामंडन कतई हास्यास्पद है।
विभागीय अधिकारियों का रटा-रटाया जवाब : –
क्षेत्र की अनियमित पेयजल सप्लाई पर विभागीय अधिकारियों से बात करने पर हमेशा रटा-रटाया एक ही प्रत्युत्तर मिलता है कि कुचामन उपखण्ड में पेयजल इंदिरा गांधी नहर पंजाब से होते हुए नोखा दैया, देखनोक, केराप, बुड़सू, रूपपुरा से कुचामन के मुख्य पम्प हाउस तक आता है।
इसके मध्य कभी रास्ते में पम्प, पेयजल लाइन, बिजली ट्रांसफार्मर अथवा बिजली केबिन खराब हो जाने पर कई दिनों तक उन्हें दुरुस्त नहीं किया जा पाता जिससे सप्लाई नियमित नहीं हो पाती।
उन्होंने कहा कि पेयजल सप्लाई में आ रही बाधाओं को समय पर दुरुस्त नहीं किए जाने पर विभागीय कर्मचारियों एवं अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। कुचामन कस्बे सहित सम्पूर्ण उपखण्ड के आमजन को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी आवश्यक है।
कुचामन में रविवार को निशुल्क मासिक हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर






